बार चुनाव : गोविंद खरे अध्यक्ष और शाहिद महामंत्री बने

लखीमपुर खीरी। बार संघ के वार्षिक चुनाव में मतगणना के बाद अध्यक्ष व महामंत्री पद पर परिणाम घोषित कर दिया गया। जिसमें अध्यक्ष पद पर गोविंद खरे ने श्याम बाबू मिश्रा को 102 मतों से हराकर जीत हासिल की। सुबह 10 बजे से बार संघ के अध्यक्ष एवं महामंत्री पद के लिए मतदान शुरू हुआ। कुल 383 मतदाताओं में से 369 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उसके उपरांत मतगणना शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए गोविंद खरे को 234 तथा श्याम बाबू मिश्रा को 132 मत प्राप्त हुए। एक मत अवैध घोषित किया गया।

इस प्रकार गोविंद खरे ने श्याम बाबू मिश्रा को 102 मतों से हराकर अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा कर लिया। महामंत्री पद के लिए मो. शाहिद को 134, लालता प्रसाद को 117, लोकेश अवस्थी को 111 मत तथा पंकज कश्यप को तीन मतों से ही संतोष करना पड़ा। महामंत्री पद पर मो. शाहिद ने 17 मतों से जीत हासिल की। महामंत्री पद पर पांच मत अवैध घोषित किए गए।

इस अवसर पर ज्येष्ठ समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र नाथ गुप्त, कैलाश त्रिवेदी, नरेंद्र नाथ गुप्त, बीपी सिंह, आदित्य प्रकाश सिंह, सरदार अली, याद अंत वर्मा, सतीश चंद गुप्ता, जितेंद्र कुमार आदि सदस्यों ने चुनाव की प्रक्रिया में सहयोग किया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से काफी संख्या में पुलिस बल भी उपस्थित रहा। इस दौरान विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने भी मतदान किया।