नर्सरी में पौधे खरीदने गए युवक और नारियल पानी पी रहे युवक से लूट
उदयभूमि
गाजियाबाद। जिलें में लूट, चोरी एवं छिनैती की वारदातों को अंजाम देकर लुटेरों ने जहां तांडव मचाया हुआ है तो वही इन अपराधिक वारदातों पर अकुंश लगाने में पुलिस का हर प्रयास विफल साबित होता नजर आ रहा है। दिन निकलते ही जहां लोग अपने काम की शुरूआत करते है तो वही लुटेरे अपने शिकार की तलाश में निकल पड़ते है। घटना कविनगर क्षेत्र की है, जहां सोमवार सुबह दिन निकलते ही दो वारदातों को अंजाम को अंजाम देकर बदमाशों ने लाखों की ज्वैलरी लूट ली। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ को घंटों कांबिंग की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। घटना एक: कविनगर क्षेत्र के राजनगर सेक्टर-14 निवासी गोविंद शर्मा का कहना है कि वह सुबह करीब सवा 9 बजे जैन मंदिर फ्लाईओवर के पास स्थित सिमरन नर्सरी में पौधे खरीदने गए थे। इसी दौरान दो बाइकों पर चार बदमाश आए और उन्हें गन प्वाइंट पर ले लेकर उनसे सोने का कड़ा लूटने लगे, कड़ा हाथ से नहीं निकला तो दूसरा बदमाश कटर लेकर आया और कड़ा काटकर लूट लिया। घटना दो: सेक्टर-23 संजयनगर निवासी विशाल बाना का कहना है कि वह सुबह करीब साढ़े 8 बजे पलमोनिक अस्पताल के पास नारियल पानी पी रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश आए और उनसे सोने की चेन लूटकर ले गए। विशाल का कहना है कि दोनों बदमाशों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। चेन डेढ़ तोला वजन की थी। पीडि़त का कहना है कि उन्होंने बदमाशों को पकडऩे की कोशिश की, लेकिन वे हाथ नहीं आ सके। सूचना मिलने ही पुलिस दोनों घटनास्थलों पर दौड़ पड़ी। बदमाशों की धरपकड़ के लिए घंटों काबिंग की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। कविनगर थाना प्रभारी नागेन्द्र चौबे ने बताया कि पीडि़तों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर बदमाशों की पहचान की जा रही है।
















