प्रदेश में समाप्त होने जा रही भाजपा सरकार की संविदा: प्रेमचंद गुप्ता

महिलाएं चाहती हैं भाषण की सरकार से मुक्ति 

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। भाजपा सरकार महिलाओं के हित सुरक्षित करने में नाकाम रही है। महिलाओं के शोषण के मामलों में वृद्धि हो रही है। यह भाजपा सरकार की असफलता को दर्शाता है। मोदी सरकार किसी के कल्याण के लिए कोई नीति नहीं बना पाई है। हालात यह हैं हर वर्ग अपने आपको ठगा-सा महसूस कर रहा है। यही नहीं महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं। यह बातें वरिष्ठ समाज सेवी एवं व्यापारी नेता प्रेमचंद गुप्ता ने कही। उन्होने कहा कि आज महिलाएं केवल भाषण की सरकार से मुक्ति चाहती हैं। केन्द्र व प्रदेश में जनता से झूठे वादे व अच्छे दिनों के सपने भी दिखाए गए, न तो 15 लाख खाते में आए, न ही काले धन पर रोक लगी। पेट्रोल, डीजल के दाम आसमान को छू रहे हैं। महंगाई कम नहीं हुई है। महिलाओं को बराबरी की भागेदारी देने में भाजपा ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है। भाजपा ने रामराज्य लाने का दावा किया था, हाथरस की घटना, व्यापारियों की हत्या, लूटपाट की वारदातों ने भाजपा सरकार की पोल खोलकर रख दी है। हाथरस की घटना समाज के लिए अत्यंत ही निदनीय घटना है। वह योगी सरकार के अमानवीय चेहरा को दर्शाता है। यह भाजपा की योगी सरकार की नाकामी को दर्शाता है। उन्होने बताया उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार की संविदा खत्म होने जा रही है। चार साल की संविदा पूरी हो चुकी है अब सिर्फ एक साल की बची है। नौकरी देने की जगह भाजपा ने नौकरी छीनने का जो काम किया है जनता उसका अब हिसाब लेगी। 50 साल के बाद जबरन पुलिसकर्मियों को हटाया जा रहा है। कोरोना वायरस संक्रमण से निपटने में सरकार पूरी तरह विफल रही है। जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। चार साल में चार बार बिजली का बिल बढ़ाया गया। भाजपा धर्म और जाति के नाम पर लोगों को लड़ा रही है। सिर्फ एक समाज के लोगों की सुनवाई हो रही है, बाकी 95 फीसदी जनता त्रस्त है। विदेशी फंडिंग पर उन्होने कहा अगर विदेशी फंडिंग से दंगे कराने की साजिश थी तो इसके लिए गृह मंत्रालय व वित्त मंत्रालय जिम्मेदार है। ये दोनों मंत्रालय की नाकामी है जो समय रहते विदेशी फंडिंग का पता नहीं लगा सके। ये लोगों का ध्यान भटकाने के लिए जुमला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता के अहंकार में चूर है। 2020 में जनता साइकिल की तरफ देख रही है। यूपी में न अब लॉ बचा है न ऑर्डर।