शिक्षक व स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने की बैठक
गाजियाबाद। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने आरकेजीआईटी कॉलेज में मेरठ-सहारनपुर निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले शिक्षक-स्नातक विधान परिषद के चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक की। जिसमें गाजियाबाद सहित छह जिलों के महानगर, जिला, प्रभारी, संयोजकों, सह-संयोजकों के साथ गाजियाबाद मेयर और पार्षदों ने भाग लिया। पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता वोटरों से निजी रूप से मिलकर भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा व दिनेश गोयल के पक्ष में वोट करने का आग्रह करेंगे। 
प्रदेश मे हो रहे विधान परिषद के शिक्षक/स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भी मतदाताओं का भरपूर समर्थन भाजपा को मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मोर्चे पर देश की छवि हो या आन्तरिक मोर्चे पर कोविड की आपदा से निपटने की चुनौती हो भाजपा सरकार ने हर मोर्चे पर ऐतिहासिक कार्य किये है। प्रदेश में हो रहे विधान परिषद के चुनावों में मतदाताओं से सम्पर्क व संवाद स्थापित कर भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जनहित में उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए पार्टी प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील करें।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकारों द्वारा किये जा रहे लोककल्याण के कार्यों का ही परिणाम है कि उत्तर प्रदेश के उपचुनावों में तो जनता ने भाजपा को अपना आशीर्वाद दिया ही साथ ही बिहार सहित अन्य राज्यों में भी पार्टी को विजय हासिल हुई। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार सबका साथ-सबका विकास व सबका विश्वास के मूल मंत्र के साथ जनसेवा के लिए कृतसंकल्पित होकर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को वोट वाले दिन प्रत्येक वोटर के घर जाकर या फोन पर सम्पर्क करके अधिक से अधिक मतदान कराना है।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश संगठन पदाधिकारी ब्रज बहादुर, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, कांता कर्दम, पंकज सिंह, राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, दिनेश गोयल, श्रीचंद शर्मा, संजीव शर्मा ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर महापौर आशा शर्मा, सुनीता दयाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, केके शुक्ला, मयंक गोयल, महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान, पार्षद मनोज गोयल आदि लोग उपस्थित रहे।
















