भाजपाइयों ने चौपाल लगाकर किसानों को जागरूक किया

कृषि बिल को लेकर विपक्षी पार्टियों पर भ्रांति फैलाने का आरोप लगाया

बिचौलियों का हस्तक्षेप बंद होने से किसानों की आय बढने का दावा किया

उदय भूमि ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर।
भाजपाइयों ने चौपाल लगाकर किसानों को जागरूक करते हुए कृषि बिल को लेकर विपक्षी पार्टियों पर भ्रांति फैलाने का आरोप लगाया। बिचौलियों का हस्तक्षेप बंद होने से किसानों की आय बढने का दावा किया। हाल ही में पारित कृषि बिल को लेकर किसानों समेत उनसे जुड़े संगठनों में फैल रहीं भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा ग्राम चौपाल कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसके तहत शुक्रवार को गढ़ मंडल के गांव शाहपुर  महिपाल फौजी के घेर में ग्राम चौपाल का आयोजन हुआ। मंडल अध्यक्ष अंकुर त्यागी ने कहा कि कृषि बिल 2020 के तहत तीन बिल संसद में पारित हुए हैं, जिनके लागू होने पर किसानों कि दशा और दिशा में बड़े स्तर पर सुधार होना तय है, क्योंकि किसानों को चूना लगाने वाले बिचौलियों का अब कृषि उत्पादन बेचने के दौरान रहने वाला हस्तक्षेप बंद हो जाएगा। उन्होंने बताया कि कृषि बिल से कॉंट्रैक्ट फार्मिंग को बढ़ावा मिलने से किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य भी मिलेगा, क्योंकि अब किसान अपनी फसल को बड़ी आसानी के साथ अपने राज्य के साथ ही देश में किसी भी स्थान पर अतिरिक्त शुल्क अदा किए बिना ले जा सकते है, जबकि इंटरनेट के माध्यम से भी कृषि उत्पादों को खरीदारों को भेजा जा सकेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियों द्वारा किसानों को भ्रमित करने के उद्देश्य से कृषि बिल के विषय में जो भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं, वे सरासर गलत और मिथ्यापूर्ण हैं। नगर महामंत्री गोपाल ठाकुर, नगर मंत्री रोहित मल्होत्रा, सेक्टर संयोजक शाहपुर सुरेंद्र चौहान, भीम सिंह, महेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह, प्रदीप, विकास, शरद समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे।