लखनऊ। भीम आर्मी के संस्थापक एवं आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर रावण ने आखिरकार अपने पत्ते खोल दिए हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन की कोशिशें नाकाम होने के बाद रावण ने अब गोरखपुर सदर सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। आजाद समाज पार्टी ने उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। रावण ने पार्टी के इस निर्णय का स्वागत किया है। उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में आजाद समाज पार्टी भी काफी सक्रिय नजर आ रही है।
पार्टी मुखिया चंद्रशेखर रावण ने पिछले दिनों सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से मुलाकात कर गठबंधन की संभावना तलाश की थी, मगर सपा और आजाद समाज पार्टी का तालमेल नहीं बैठ पाया था। बाद में रावण ने अखिलेश पर दलित विरोधी होने का आरोप लगा दिया था। इस बीच खबर है कि आजाद समाज पार्टी ने चंद्रशेखर को गोरखपुर सदर सीट से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है। इस सीट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मैदान में हैं। पार्टी के इस फैसले पर चंद्रशेखर ने प्रसन्नता जाहिर की है।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि बहुत-बहुत आभार साधुवाद। पिछले 5 साल भी लड़ा हूं और अब भी लड़ूंगा। जय भीम, जय मंडल। बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय। उधर, आजाद पार्टी के मुख्य चुनाव अधिकारी रविंद्र भाटी ने बताया कि पार्टी यूपी के 6-7 सात छोटे दलों के साथ गठबंधन करेगी, जिनमें भारतीय वीर दल, पिछड़ा समाज पार्टी, पथिक जनशक्ति पार्टी समेत कई दल शामिल होंगे। पार्टी 22 बिंदुओं का घोषणा पत्र भी जारी करेगी।
















