कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फिक्स विद्युत चार्ज हटाने को दिया धरना

उदय भूमि ब्यूरो
हापुड़।
पूर्व विधायक गजराज सिंह के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी,नगर कांग्रेस कमेटी हापुड़ के कार्यकर्ताओं ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेसी बहुत संख्या में धरना स्थल पर एकत्रित हुए।तथा पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम द्वारा बिलों में फिक्स चार्ज वसूली का विरोध किया। कांग्रेसी नेता अभिषेक गोयल ने कहा कि प्रत्येक उपभोक्ता यूनिट के हिसाब से बिजली के बिल की अदायगी करता है लेकिन प्रति माह एक मोटी रकम फिक्स चार्ज के रूप में वसूली जाती है। जिससे उपभोक्ताओं का सीधा-सीधा उत्पीडऩ है। राज्य की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी तथा पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम आम जनता की जेब पर डकैती डाल रहे हैं। पूर्व विधायक गजराज सिंह ने कहा कि यदि 10 दिन के अंदर पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम ने फिक्स विद्युत चार्ज वसूली पर कोई रोक नहीं लगाई तो प्रदेश व्यापी आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के नाम उप जिलाधिकारी सत्य प्रकाश सिंह को एक ज्ञापन भी सौंपा।