वेबसाइट पर इलाज के रेट की दें जानकारी
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अजय शंकर पांडेय ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) प्रतिनिधियों तथा निजी अस्पतालों के संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दरम्यान कोरोना संक्रमित मरीजों को कोविड-19 प्रोटोकॉल के अनुरूप इलाज सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी पांडेय ने कहा कि सभी निजी अस्पतालों में कोरोना के इलाज के लिए सरकार द्वारा निर्धारित दरों को प्रदर्शित करना होगा। सभी अस्पताल अपनी वेबसाइट पर भी यह जानकारी साझा करें। इलाज शुरू करने से पहले प्रत्येक मरीज को खर्च के विषय में बताना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी निजी अस्पतालों में आईएमए के नोडल अधिकारी भी नामित किए जाएं। मरीजों के इलाज में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए। कोरोना की टेस्टिंग के दौरान सभी लैब कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन शत-प्रतिशत रूप से सुनिश्चित करें। शिथिलता बरते जाने पर प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि सभी उप-जिलाधिकारी एवं इंसीडेंट कमांडर अपने-अपने क्षेत्र में कोविड-19 के कार्य को दृढ़ता के साथ सुनिश्चित कराएं। शासन के निर्देश का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाए। सर्वे टीम की हरसंभव मदद की जाए। डीएम पांडेय ने कहा कि गंभीर मरीजों को एक से दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करते समय सभी मानकों का अनुपालन किया जाए। सभी सरकारी अस्पतालों में कोविड-19 प्रोटोकॉल के अनुरूप मरीजों को इलाज उपलब्ध कराने की कार्रवाई भी संबंधित अधिकारी सुनिश्चित कराएं। कंटेनमेंट जोन में निर्धारित समयावधि में कोरोना टेस्टिंग का काम किया जाए। जिलाधिकारी ने एसडीएम और इंसीडेंट कमांडरों को निर्देश दिए कि सभी अपने-अपने क्षेत्र में कोविड-19 के कार्य को बहुत ही दृढ़ता के साथ सुनिश्चित कराए। उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में कंटेनमेंट जोन को लेकर प्रमुखता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शासन से दिए गए निर्देश के तहत अक्षर से पालन सुनिश्चित करते हुए कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज कराया जाएगा। क्षेत्रों में जो भी सर्वे टीम कार्य कर रही हैं। इसके लिए सभी एसडीएम एवं इंसीडेंट कमांडर उनके कार्य को गुणवत्ता पूर्ण तरीके से संपन्न कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। ताकि संभावित कोरोना संक्रमित मरीजों की खोज करते हुए उनका यथा समय इलाज संभव किया जा सके। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गंभीर मरीजों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करते समय सभी मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कंटेनमेंट जोन के अंतर्गत निर्धारित समय अवधि के भीतर कोरोना टेस्टिंग का कार्य सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में सीडीओ अस्मिता लाल,एडीएम फाइनेंस यशवर्धन श्रीवास्तव,एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह,एडीएम प्रशासन संतोष कुमार वैश्य,एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह,सीएमओ डॉ.एनके गुप्ता,आईएमए अध्यक्ष, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार, डॉ. आरके यादव मौजूद रहे।
———
154 कोरोना संक्रमित,221 डिस्चार्ज
जिले में शनिवार को कोरोना संक्रमण के 154 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। संक्रमण मुक्त हो गए 221 लोगों को सरकारी एवं प्राइवेट अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। अब तक जिले में संक्रमण की चपेट में 16020 लोग आ चुके हैं। इनमें से 14444 संक्रमण मुक्त होने से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 1586 मरीजों का अभी सरकारी, प्राइवेट एवं होम आईसोलोशन में इलाज चल रहा है। संक्रमण की चपेट में आने से 80 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।
















