दुकान के आगे अतिक्रमण करने पर लगाया 60 हजार रूपए का जुर्माना
गाजियाबाद। पिछले कई वर्षो से नगर निगम की जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से झुग्गी-झोपड़ी डालकर रह रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगम दस्ते ने जेसीबी मशीन से अवैध झुग्गी-झोपड़ी को ध्वस्त कर दिया।
बुधवार को म्युनिसिपल कमिश्रर महेंन्द्र सिंह तंवर के आदेश पर मोहननगर जोनल प्रभारी एसके गौतम एवं निगम प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण ने टीम के साथ एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह की मौजूदगी में साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के आसपास लाजपतनगर में अवैध रूप से झुग्गी-झोपड़ी डालकर सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी मशीन से 30 अवैध झुग्गी-झोपड़ी को ध्वस्त कर दिया। 
जोनल प्रभारी एसके गौतम एवं प्रवर्तन दल प्रभारी दीपक शरण ने बताया कि पिछले कई साल से लाजपतनगर में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से झुग्गी-झोपड़ी डालकर अतिक्रमण किया हुआ था। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान महिलाओं और पुरूषों ने विरोध किया। 
लेकिन पुलिस फोर्स और टीम की मौजूदगी में 30 अवैध झुग्गी-झोपड़ी को तोड़कर जमीन को कब्जा मुक्त कराया। वहीं, 12 दुकानों और दो दुकानों के सामने सड़क पर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। ग्रीन बैल्ट की जमीन पर रेत, रोड़ी,डस्ट आदि डाला गया था। सड़क से अतिक्रमण हटाते हुए मौके पर 60 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।















