महिला पार्षद ने लगाए गंभीर आरोप, जांच की मांग
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। हिंडन मोक्ष स्थली पर व्याप्त भ्रष्टाचार का मामला फिर गरमा गया है। श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार और चिता की लकड़ी के नाम पर ज्यादा वसूली की जा रही है। एक पार्षद पति का आरोप है कि वहां तौल में एक कुंतल लकड़ी कम दी गई। यही नहीं लकड़ी की रसीद 6 सौ रुपये कम करके दी गई। हिंडन मोक्ष स्थली पर लकड़ी के इस खेल की शिकायत पार्षद विभा देवी ने महापौर से की है। पार्षद विभा देवी ने पत्र में कहा है कि हिंडन तट पर अंतिम संस्कार करने आए परिवार से 4 कुंतल लकड़ी के पैसे लिए जाते हैं और वह मुखाग्नि देने के लिए बने प्लेटफार्म तक पहुंचने तक एक कुंतल लकड़ी कम रखी जाती है। लोगों को सहूलियत के लिए कई प्लेटफार्म पर पहले से लकड़ी रखी रहती हैं। भागदौड़ से बचने के लिए पीडि़त परिजन वहां पहले से रखी लकड़ी का इस्तेमाल करते हैं, मगर वह वास्तव में एक कुंतल लकड़ी कम होती है। अंतिम संस्कार की दक्षिणा एवं अन्य कर्मचारी के लिए 600 रुपए लिये जाते हैं। इसके अतिरिक्त मृतक के परिजनों से फूल उठाने के नाम पर 1100 रुपए की वसूली की जा रही है। इसकी कोई रसीद नहीं दी जाती है। महिला पार्षद का आरोप है कि जब श्मशान घाट के सम्पूर्ण रख-रखाव व अन्य सुविधाएं नगर निगम गाजियाबाद द्वारा उपलब्ध करायी जाती हैं तो कोई अन्य व्यक्ति इस प्रकार की अवैध उगाही कैसे कर रहा है। इसलिए यहां की सभी प्रकार की जिम्मेदारी नगर निगम को वहन करनी चाहिए। इसके अलावा यहां पर लकड़ी के नाम पर अवैध उगाही करने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर की मांग की गई है।
















