उदय भूमि ब्यूरो
मोदीनगर।
गांव बखरवा में अवैध फैक्टरी में धमाके में घायल हुए लोगों को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर महिलाओं ने मंगलवार को तहसील पर प्रदर्शन जोरदार प्रदर्शन किया। मंगलवार सुबह पीडि़त परिवार की महिलाएं एकत्र होकर तहसील पहुंची और प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना है कि यदि शीघ्र मुआवजा नहीं मिला तो वह आंदोलन को मजबूर हो जाएंगे। बता दें कि गांव बखरवा में गत 7 जुलाई को एक अवैध फैक्टरी में धमाका हो गया था। धमाके में लगी आग की चपेट में आकर दस लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 14 लोग घायल हो गए थे। घटना के दिन ही जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये व घायलों को पचास पचास हजार रुपये तथा फ्री इलाज कराने की घोषणा की थी। नौ मृतकों को दो दिन बाद ही मुआवजा दे दिया गया था। लेकिन एक मृतक के आश्रितों व घायलों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। घायलों के परिजनों का कहना है कि फ्री इलाज का वादा करने के बाबजूद भी उनको अस्पतालों में बिल देना पड़ रहा है।
















