उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। गाजियाबाद बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के लिए आगामी 7 नंवबर को चुनाव होगा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील दत्त त्यागी ने बताया कि बार चुनाव के लिए 7 नवंबर को मतदान होगा। वर्तमान में नोटिस बोर्ड पर चस्पा सूची में दिल्ली बार काउंसिल, गाजियाबाद, मोदीनगर, लोनी और धौलाना तहसील के अधिवक्ताओं के नाम गलती से शामिल हो गए हैं। कई अधिवक्ताओं के पूरे पते दर्ज नहीं हो पाए हैं। नियमित वकालत करने वाले व यूपी बार काउंसिल में पंजीकृत अधिवक्ताओं का नाम जोड़ते हुए नई मतदाता सूची तैयार की जाएगी। आगामी 27 अक्टूबर को नई मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ एल्डर कमेटी के अध्यक्ष व सदस्यों से विमर्श के बाद चुनाव का कार्यक्रम जारी किया जाएगा। चुनाव अधिकारी सुनील दत्त त्यागी ने इसकी घोषणा कर दी है। उन्होंने बताया कि बार एसोसिएशन कार्यकारिणी का 11 जुलाई को कार्यकाल समाप्त हो गया था। कोरोना काल की वजह से चुनाव की तारीख अभी तक घोषित नहीं गई थी। चुनाव के लिए वोटर लिस्ट तैयार हो गई है। इसको बार सभागार के आगे चस्पा कर दिया गया है। चुनाव की तिथि घोषित होने से पहले ही अध्यक्ष और सचिव पद के दावेदारों अपनी ताल ठोक रहे थे। अब तिथि तय होने से कचहरी में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।















