गाजियाबाद। मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने अब कमर कसना शुरू कर दिया है। मास्टर ट्रेनर्स से लेकर चुनाव में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा अब पुख्ता तैयारियां की जा रही हैं। ताकि एमएलसी चुनाव निष्पक्ष तरीके से शांतिपूर्ण समापन कराया जा सके। 1 दिसंबर को होने वाले एमएलसी चुनावों के लिए जिला प्रशासन स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। इसी कड़ी में डीएम अजय शंकर पाण्डेय ने चुनाव में मतदान के लिए मतपेटियों का निरीक्षण किया और उन्हें दुरूस्त कराने के निर्देश दिए। नागरिक सुरक्षा कार्यालय में रखी गई मतपेटियों का निरीक्षण करते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को चुनाव से पहले ही मतपेटियों को सही करने के निर्देश दिए और उन्होंने कहा कि मतदान के लिए उन पेटियों को ही रखा जाए जो खराब स्थिति में न हों। चुनाव से पूर्व ही इन पेटियों को सही स्थिति में किया जाएगा ताकि मतदान के समय दिक्कतें न हों। एमएलसी चुनाव के लिए जिले में स्नातक पद के लिए 53 हजार 865 और शिक्षक पद के लिए 6841 मतदान के लिए पंजीकृत हैं। चुनाव के लिए जिले में 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। डीएम ने बताया कि एक मतदेय स्थल पर एक हजार से अधिक मतदाता वोट नहीं डाल सकेंगे। जहां एक हजार से अधिक संख्या होगी, वहां अतिरिक्त बूथ बनाया जाएगा। एमएलसी चुनाव बैलेट से कराया जाएगा। इसके अलावा सोशल डिस्टेंस का सख्ती से अनुपालन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एडीएम एफ यशवर्धन श्रीवास्वत भी मौजूद रहे।
कोरोना के फिर बढे मामले, शादी-समारोह में 100 लोग ही ले सकेंगे भाग
कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव के चलते अब जिले में शादी-समारोह में सिर्फ 100 लोग ही भाग ले सकेंगे। प्रदेश शासन के निर्देश पर कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को दृष्टिगत रखते हुए किसी भी शादी एवं अन्य समारोह में अधिकतम 100 लोग ही भाग ले सकेंगे। जिलाधिकारी डॉ.अजय शंकर पांडेय ने यह व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए है। 
जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने जनपद वासियों से आहवान करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को दृष्ट्रिगत रखते हुए शासन के निर्देशों के अनुक्रम में किसी भी समारोह, शादी एवं अन्य कार्यक्रमों में 100 से ज्यादा व्यक्ति भाग नहीं ले सकेंगे। जिले में आयोजित होने वाले सभी प्रकार के समारोह शादी विवाह तथा अन्य कार्यक्रम आउटडोर एवं इंडौर सभी कार्यक्रमों में 100 से ज्यादा व्यक्ति भाग नहीं लें। अगर इसका उल्लंघन किया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश देते हुए कहा है कि सभी प्रशासनिक एवं अन्य संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले सभी प्रकार के समारोह शादी विवाह एवं अन्य कार्यक्रम में यह भी सुनिश्चित कराएंगे कि शादी एवं अन्य कार्यक्रम में 100 से अधिक व्यक्ति भाग नहीं ले सके। इसलिए लिए अपने-अपने क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित कराया जाए। ताकि लोगों को जानकारी मिल सके।
















