गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से द्विवार्षिक निर्वाचन मतदेय स्थलों के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक, खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने विधान सभा निर्वाचन के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के मद्देनजर बीएलओ की नियुक्ति के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी पांडेय ने बताया कि मतदेय स्थलों के प्रस्ताव निर्धारित प्रारूप पर राजनीतिक दलों की सहमति से तैयार कराए जाने हैं। कोरोना काल में संपन्न विधान सभा के उप-चुनाव में भारत निर्वाचन आयोग ने मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की अधिकतम सीमा एक हजार तक रखने के निर्देश थे। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि हम अपने-अपने बीएलओ नियुक्त कर देंगे। राज्यसभा और विधान परिषद सदस्य के चुनाव के लिए रिटर्निंग अफसरों की हस्त पुस्तिका के प्रस्तर 13.1 से 13.18 की ओर आकृष्ट करते हुए कहा कि इसमें दिए गए नियमों के तहत मतदेय स्थलों के प्रस्ताव निर्धारित प्रारूप पर राजनीतिक दलों की सहमति से तैयार किए जाने हैं। उन्होंने कहा कि खंड स्नातक/खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की अधिकतम सीमा एक हजार तक रखी जाए। मतदाताओं की संख्या इससे ज्यादा होने पर सहायक मतदेय स्थल बनाया जाएगा। जिलाधिकारी पांडेय ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से चुनावी प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की। मूल मतदेय स्थल से बनाए जाने वाले सहायक मतदेय स्थल को नया नंबर आवंटित न करके मूल नंबर का अ,ब,स नंबर दिया जाएगा। मेरठ मंडल की मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक चुनाव के लिए निर्देशित किया गया है कि प्रस्तावित मतदेय स्थलों के प्रस्ताव निर्धारित प्रारूप पर राजनीतिक दलों की सहमति से तैयार कराएं। मदेय स्थल दलों की बैठक का कार्यवृत्त संवीक्षा पत्रक तथा प्रमाण पत्र एवं मानचित्र आदि की तीन-तीन प्रतियों में जिला निर्वाचन अधिकारी के हस्ताक्षर से तत्काल जिला निर्वाचन कार्यालय मेरठ में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उप निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम एलए यशवर्धन श्रीवास्तव,तहसीलदार,सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हरिकृष्ण शर्मा, कर्मचारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित रहे।
————-
115 संक्रमित, 81 डिस्चार्ज
मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 115 नए मरीजों की पुष्टि हुई। 81 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। अब तक जिले में 18990 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। 17740 स्वस्थ हो गए हैं, 84 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
















