कंटेनमेंट जोन से बाहर 19 अक्तूबर से खुलेगें शिक्षण संस्थान: डीएम

2 पालियों में संचालित किए जाएं विद्यालय

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। जनपद में 19 अक्तूबर से शिक्षण संस्थान खुल जाएंगे। इसके मद्देनजर जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने मंगलवार को स्कूल-कॉलेज संचालकों, पेरेंट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा की। सीएमओ को कोविड-19 के संदर्भ में शिक्षण संस्थानों हेतु एसओपी तैयार कर डीआईओएस को सौंपना होगा। डीआईओएसएसओपी को संबंधित संस्थानों को उपलब्ध कराएंगे। बैठक में डीएम ने कहा कि 19 अक्टूबर से कक्षा-9, 10, 11 एवं 12 तक के स्कूल-कॉलेज खोलने की अनुमति उप्र सरकार ने दी है। कोविड-19 की रोकथाम हेतु हरसंभव प्रयास करना जरूरी है। सभी शिक्षण संस्थानों को कोविड-19 से निपटने को जरूरी कदम उठाने होंगे। डीएम ने कहा कि एक दिवस में प्रत्येक कक्षा के अधिकतम 50 प्रतिशत तक विद्यार्थियों को बुलाया जाए। अवशेष 50 प्रतिशत विद्यार्थियों को अगले दिन बुलाया जाए। विद्यालय 2 पालियों में संचालित किए जाएं। प्रथम पाली में कक्षा-9 व 10 और द्वितीय पाली में कक्षा-11 एवं 12 के विद्यार्थियों को पठन-पाठन के लिए बुलाया जाए। इस दौरान विद्यार्थियों को 6 फीट की दूरी पर बैठने की व्यवस्था की जाए। वहीं, सैनेटाइजर, हैंड वाश, थर्मल स्कैनिंग, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था स्कूलों में की जाएगी। छात्र, शिक्षक व अन्य कर्मचारी को बुखार,खांसी,जुकाम के लक्षण हो तो उपचार के लिए वापिस भेजा जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि छात्र-छात्राओं को हैंडवाश, सैनिटाइज के बाद ही स्कूलों में प्रवेश दिया जाए। छुट्टी के समय मुख्य द्वार पर सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। हालांकि पैरेंट्स एसोसिशन पदाधिकारियों ने 19 अक्टूबर से स्कूल न खोलने की मांग की। मगर जिलाधिकारी ने इसे दरकिनार कर दिया। जिलाधिकारी ने 13 प्रकार की गाइडलाइन जारी करते हुए कहा कि सभी स्कूल शासनादेश के साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता व सुरक्षा एसओपी के अनुसार सुनिश्चित कराएं। कंटेनमेंट जोन के भीतर स्कूल-कॉलेज खोलने की अनुमति नहीं है। जिलाधिकारी ने स्कूल प्रबंधकों को निर्देश दिए कि स्टॉफ के कोरोना टेस्ट कराकर कोरोना फ्री होने की बात अपनी-अपनी वेबसाइट पर प्रदर्शित करने और कक्षाओं के संचालन के दौरान पैरेंट्स से संवाद कर बच्चों के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी लिए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता को कोरोना संक्रमण के संबंध में स्कूलों के लिए एसओपी तैयार कर जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त शर्मा के माध्यम से स्कूलों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर नगर आयुक्त महेंद्र सिंह, एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह,एडीएम एलए कमलेश चंद्र वाजपेयी,सिटी मजिस्ट्रेट विपिन कुमार,जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त शर्मा,बेसिक शिक्षा अधिकारी बृजभूषण चौधरी,सीएमओ डॉ.एनके गुप्ता,ऑल स्कूल पैरेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष शिवानी जैन,महासचिव सचिन सोनी,गाजियाबाद पैरेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष सीमा त्यागी,विवेक त्यागी आदि मौजूद रहे।