यूपी में तीसरे चरण का चुनाव 20 फरवरी को, 59 सीट पर होगी वोटिंग

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के लिए रविवार को मतदान होना है। मतदान प्रक्रिया की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस दौरान 16 जनपदों की कुल 59 सीट पर वोटिंग कराई जाएगी। ऐसे में 627 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा। तीसरे चरण का चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से पूर्ण कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर सरकारी तंत्र का पूरा ध्यान है।

मतदान के दौरान हिंसा अथवा उपद्रव करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। उप्र में 18वीं विधान सभा के गठन के लिए तीसरे चरण का मतदान 20 फरवरी को होगा। चुनाव आयोग निष्पक्ष, स्वतंत्र, पारदर्शी एवं कोरोना से बचाव के तरीके अपना कर मतदान कराने की तैयारियों में लगा है। शुक्रवार की शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम गया था। रविवार को सुबह 7 बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की सुविधा और कोविड से सुरक्षा की विशेष व्यवस्था कराई गई है। सुरक्षा व्यवस्था पर पूरा ध्यान दिया गया है।

कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यूपी में 7 चरण में विधान सभा चुनाव संपन्न कराया जाना है। 10 मार्च को मतगणना कराकर नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। उधर, भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा इत्यादि दलों ने तीसरे चरण के चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए सभी दलों ने पूरा जोर लगाया है।