उदय भूमि ब्यूरो
हापुड़।
मुख्य विकास अधिकारी उदय सिंह ने विकास भवन के सभागार में पर्यावरण एवं गंगा समिति की बैठक को संबोधित किया। मुख्य विकास अधिकारी ने उपनिदेशक कृषि को निर्देश दिए कि जनपद में कहीं पर भी पराली जलती दिखाई दे, तो तुरंत कार्यवाही कराई जाए तथा कृषि अपशिष्ट का समुचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेडिकल वेस्ट का सही तरीके से निस्तारण हो और होम आइसोलेशन मरीजों का कूड़ा भी निस्तारित हो। मुख्य विकास अधिकारी ने उप संभागीय परिवहन अधिकारी से कहा कि 10 वर्ष से अधिक पुराने वाहन जनपद में नहीं चलने चाहिए इससे वायु प्रदूषण होता है। एआरटीओ ने कहा कि हमने 10 वर्ष पुराने 283 डीजल वाहनों को निरस्त किया है तथा 360 को एनओसी जारी की है तथा 109 पेट्रोल वाहनों का पंजीकरण निरस्त किया है। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में बढ़ रहे प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सभी अधिकारी पर्यावरण को स्वच्छ और शुद्ध बनाने हेतु कार्य योजना बनाते रहे। इसी क्रम में उन्होंने गंगा समिति की बैठक करते हुए बताया कि मा0 प्रधानमंत्री जी की अध्यक्षता में दिसंबर में आयोजित बैठक के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन चलाया गया। उसी क्रम में एन आर एल एम के अंतर्गत बनाए गए समूह द्वारा गंगा पर सफाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया । जिला वन अधिकारी से गंगा के किनारे वृक्षारोपण करने हेतु निर्देशित किया तथा पशु चिकित्सा अधिकारी से कहा कि गंगा ग्रामों में कितनी गौशालाओं की स्थापना है व कितने लोग घरेलू पशुपालन कर रहे हैं? आधुनिक खेती को बढ़ावा देने हेतु जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया तथा जिला उद्यान अधिकारी से हर्बल गार्डन की स्थापना, फलदार पेड़, फूलों की खेती कराने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने बैठक में अनुपस्थित मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी का स्पष्टीकरण जारी करने का संबंधित को निर्देश दिए। सी डी ओ ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी से कहा की गंगा ग्रामों में संचारी रोगों की रोकथाम हेतु कार्य किए जाएं। जिला कार्यक्रम अधिकारी को कुपोषण समाप्त करने हेतु आदेश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गढ़मुक्तेश्वर से गंगा घाटों की साफ-सफाई व शौचालयों की सफाई व्यवस्था सुचारू रखने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि गंगा पर आने जाने वाले यात्रियों को कोई असुविधा न हो तथा विभिन्न त्योहारों पर गंगा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों के आगमन का एकीकरण भी किया जाए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
















