जिले को प्रदूषण मुक्त बनाना प्रथम प्राथमिकता: डीएम

17 प्रमुख स्थलों को चिन्हित कर प्रदूषण और जाम से निपटने की बनाई रणनीति

12 से अधिक भट्टी फैक्ट्री ध्वस्त

गाजियाबाद। जनपद में बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के हरसंभव प्रयास चल रहे हैं। इसके बावजूद सफलता नहीं मिल रही। डीएम ने अब 17 प्रमुख स्थलों को चिन्हित कराया है। जहां प्रदूषण और जाम से निपटने के लिए प्रयास किए जाएंगे। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। प्रदूषण की रोकथाम हेतु 15 अक्टूबर से ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) लागू है। यह त्यौहारी सीजन चल रहा है। ऐसे में सडक़ों पर यातायात बढना तय है। इसके मद्देनजर जिलाधिकारी ने 17 प्रमुख स्थलों को चिन्हित कराया है। इनमें एबीईएस क्रॉसिंग कट, विजय नगर क्रॉसिंग, तिगरी क्रॉसिंग, संतोष मेडिकल क्रॉसिंग, लालकुआं फ्लाईओवर, आत्मराम स्टील, घंटाघर, मेरठ क्रॉसिंग, राजनगर एक्सटेंशन क्रॉसिंग, सिहानी चुंगी, पुराना बस स्टैंड, साहिबाबाद-सीमापुरी क्रॉसिंग, भोपुरा, लोनी, टीला मोड़ एवं ट्रोनिका सिटी पुलिस स्टेशन के समीप लोनी शामिल हैं। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बताया कि संभागीय परिवहन अधिकारी को इन स्थानों पर वाहनों के पी.यू.एस. प्रमाण पत्र और फिटनेस की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात व्यवस्था सुगम रखने को कार्ययोजना बनाकर काम करने को कहा गया है। पुलिस अधीक्षक (यातायात) द्वारा कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसी क्रम में लोनी क्षेत्र में वायु प्रदूषण से निपटने को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। लोनी में कच्चे रास्तों एचं टूटी सडक़ों को चिन्हित कर मरम्मत एवं आवश्यक फुटपाथ का निर्माण, हरित पट्टी विकसित करने, सड़कों की नियमित धुलाई, रोड स्वीपिंग एवं वाटर स्प्रिकलिंग कार्य, कूड़े का भंडारण एवं निस्तारण के दौरान आग लगने की घटना को रोकने, एंटी स्मॉग गन की स्थापना, अवैध रूप से घरेलू ठोस अपशिष्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आदि के संबंध में निर्देश दिए गए हैं। वहीं वायु प्रदूषण का स्तर लोनी क्षेत्र में ज्यादा बढऩे के चलते मंगलवार को टीम ने लोनी क्षेत्र की अमित विहार कॉलोनी स्थित गांव बेहटा हाजीपुर के पास अवैध रूप से संचालित 12 से अधिक भट्टी फैक्ट्री को ध्वस्त किया गया।

मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ.अजय शंकर पांडेय के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। ग्रैप लागू होने के चलते लोनी एसडीएम खालिद अंजुम ने बताया कि तहसीलदार प्रकाश सिंह,देवेंद्र कुमार मिश्रा,लोनी बॉर्डर थाना प्रभारी,अवर अभियंता पंकज गुप्ता,प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के धु्रव देव आदि की मौजूदगी में अमित विहार बेहटा हाजीपुर में 12 से अधिक अवैध भट्टी फैक्ट्री को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया।

एसडीएम खालिद अंजुम ने कहा कि क्षेत्र में इस प्रकार की फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित होने पर प्रदूषण बढ़ रहा है। अवैध रूप से संचालित भट्टी फैक्ट्री और प्रदूषण फैलाने वाले कारखानों को तत्काल प्रभाव से बंद कराने के लिए एनजीटी के आदेश पर कार्रवाई की जा रही है। उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाया जा रहा हैं।
————-
120 कोरोना संक्रमित
कोरोना संक्रमण की चपेट में 120 नए मरीज आए हैं। संक्रमण मुक्त हुए 104 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। अब तक जिले में कुल 18154 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 16915 स्वस्थ हो चुके हैं। 1157 का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण की चपेट में आए 82 की मौत हो चुकी है।