पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय ने छोड़ी बसपा, भाजपा में जाने की चर्चा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव के ऐन मौके पर विभिन्न राजनीतिक दलों में भगदड़ का सिलसिला जारी है। नेताओं की आस्था रातों-रात बदल रही है। दल बदलने का क्रम निरंतर चल रहा है। इसी क्रम में अब पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय ने बसपा से नाता तोड़ लिया है। उन्होंने अभी किसी दल में जाने की घोषणा नहीं की है, मगर चर्चाएं हैं कि वह भाजपा का दामन थाम सकते हैं। रामवीर उपाध्याय के भाई मुकुल पहले से भाजपा में हैं। यूपी विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर चल रही है।

इस बीच विभिन्न राजनीतिक दलों में आयाराम गयाराम की परंपरा ने भी जोर पकड़ लिया है। ऐसे में अब बसपा सुप्रीमो मायावती को झटका लगा है। सादाबाद विधायक एवं पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय ने बसपा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उपाध्याय लंबे समय से बसपा से जुड़े रहे थे। वह बसपा सरकार में ऊर्जा, परिवहन और चिकित्सा शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके थे। हालांकि बसपा ने उन्हें काफी पहले पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

बसपा से इस्तीफा देने के बाद रामवीर उपाध्याय ने अभी नई राजनीतिक पारी का ऐलान नहीं किया है, मगर माना जा रहा है कि वह भाजपा का दामन पकड़ सकते हैं। चर्चा है कि वह उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के संपर्क में हैं। कुछ दिन पहले एक जनसभा में दिनेश शर्मा उनकी तारीफ कर चुके हैं। रामवीर उपाध्याय के छोटे भाई मुकुल भाजपा में हैं। वह अलीगढ़ में कोल विधान सभा क्षेत्र से टिकट मांग रहे हैं। हालांकि इन चर्चाओं की अभी कोई पुष्टि नहीं है। बता दें कि रामवीर उपाध्याय का गाजियाबाद से भी काफी लगाव है।