विरोध करने पर पुरुषों से नगदी भी छीनी
गढ़ नगर के रविदास चौक का मामला
उदय भूमि ब्यूरो
गढ़ुक्तेश्वर।
नगर से गंगा स्नान करने जा रहे कार सवार परिवार को चार लोगों ने रास्ते में रोककर महिलाओं से अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ की। विरोध किए जाने पर कार में सवार पुरुषों से आरोपितों ने मारपीट कर नगदी छीन ली। पीडि़त पक्ष ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। नगर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने बताया कि शनिवार को वह और उसके परिवार की महिलाएं सहित अन्य लोग एक कार से सवार होकर गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। जैसे ही नगर स्थित रविदास चौक के निकट पहुंचे तो वहां नगर के ही रहने वाले चार लोगों नेउनकी कार को रोक लिया। कार रुकने पर आरोपितोंं ने कार में सवार महिलाओं से अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ की। उसने व उसके अन्य स्वजन ने आरोपितोंं का विरोध किया तो आरोपितों ने उसको जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देकर 15 हजार रुपये छीन कर फरार हो गए। पीडि़त द्वारा कोतवाली में तहरीर दी गई है। वहीं कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टि के आधार पर मामला आपसी कहासुनी का प्रतीत हो रहा है। जांच कराई जा रही है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
















