इंदिरापुरम में जल्द खत्म होगा कूड़े का पहाड़

म्युनिसिपल कमिश्नर ने डलाव घर का किया निरीक्षण

गाजियाबाद। इंदिरापुरम के शक्ति खंड में कूड़ा डंपिंग ग्राउंड को खत्म करने के लिए नगर निगम ने प्रयास तेज कर दिए हैं। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को डंपिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इंदिरापुरम में कूड़ा डलाव घर को खत्म किया जाना है। इसके लिए कंपनी को वर्क ऑर्डर दे दिया गया है। यहां पर कूड़े को अलग-अलग कर इसका सदुपयोग किया जाएगा। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने नगर निगम के एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन आदि के साथ शक्ति खंड में कूड़े के पहाड़ बन चुके डंपिंग ग्राउंड साइट का निरीक्षण किया। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेश के अनुपालन में नगर निगम और जीडीए द्वारा प्राइवेट कंपनी से कूड़े का निस्तारण कराया जा रहा है। म्युनिसिपल कमिश्नर ने कूड़ा साइट का निरीक्षण कर कहा कि कई साल से इंदिरापुरम के शक्ति खंड में कूड़ा डंपिंग ग्राउंड में डाला जा रहा है। इसे खत्म किया जाना है। इसका योजना के तहत निस्तारण किया जाएगा। कूड़े को अलग-अलग कर इसका सदुपयोग किया जाए ताकि यहां से डंपिंग ग्राउंड को खत्म किया जा सके। उधर, म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर जन-चौपाल में आने वाली शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारी के साथ रोजाना निरीक्षण कर रहे हैं ताकि मौके पर पहुंच कर समस्या का निस्तारण किया जा सके। नेहरू नगर में नगर निगम द्वारा निर्मित कराए जा रहे ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया गया। आधुनिक रूप में बनाए जा रहे ऑडिटोरियम का जनवरी तक निर्माण कार्य पूरा करने के लिए कांट्रेक्टर और चीफ इंजीनियर को निर्देश दिए। कूड़ा निस्तारण के लिए आधुनिक तकनीक का प्रयोग कर निस्तारण किया जाएगा। वहीं, एसएसडब्ल्यू प्रोसेसिंग यूनिट और प्लांट का भी निरीक्षण किया गया।