कोरोना काल में 2242 फ्लैट बेचेगा जीडीए

पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी बिक्री

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। जीडीए की योजनाओं में फ्लैट की चाहत रखने एवं खरीदने के इच्छुक नागरिकों के लिए अच्छी खबर है। जीडीए अपनी 6 योजनाओं के पहले आओ, पहले पाओ स्कीम के तहत 2242 फ्लैट बेचेगा। जीडीए की इन योजनाओं में 2242 फ्लैट खरीदने का मौका मिल रहा है। इन फ्लैट को बेचने के लिए जीडीए 9 अक्टूबर से हिंदी भवन लोहिया नगर में नीलामी की तर्ज पर शिविर लगाएगा। एक फ्लैट पर 2 या उससे ज्यादा दावेदार होने पर ड्रॉ निकाला जाएगा। जीडीए ने मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना समेत 6 योजनाओं को इसमें शामिल किया है। इन सभी में टू-बीएचके से लेकर थ्री बीएचके फ्लैट हैं। इनकी कीमत फ्लैट के साइट और टाइप के अनुसार निर्धारित की गई है। जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने बताया कि विभिन्न योजनाओं में 2242 फ्लैट हैं। यह फ्लैट पूरी तरह से तैयार हैं। इन शेष फ्लैटों को बेचने के लिए पहले आओ, पहले पाओ योजना के तहत इनकी बिक्री की जाएगी। इसमें खरीदार अपनी पसंद के फ्लैट खरीद सकते हैं। मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में एलआईजी, टू बीएचके टाइप, एबीएथ्री बीएचके 1011 फ्लैट हैं। इनकी कीमत साइट व टाइप के अनुसार 10.80 लाख रुपए से लेकर 70 लाख रुपए तक है। इसके अलावा चंद्रशिला अपार्टमेंट में टू बीएचके के 81 फ्लैट हैं। इनकी कीमत 44.73 लाख से 55.93 लाख रुपए तक है। वैशाली योजना में एमआईजी फ्लैट हैं। इनकी कीमत 46.13 लाख रुपए है। कोयल एंक्लेव योजना में वन व टू बीएचके फ्लैट की कीमत 22.40 लाख से 30.90 लाख रुपए तक है। इसके अलावा इंद्रप्रस्थ योजना में एक से लेकर टू बीएचके तक के फ्लैट हैं। जिनकी कीमत 20 लाख रुपए से लेकर 28.10 लाख रुपए तक है। मोदीनगर में समाजवादी फ्लैट की कीमत 5.72 लाख रुपए है। जीडीए सचिव राय ने बताया कि विभिन्न योजनाओं में खाली पड़े फ्लैटों की पहले आओ, पहले पाओ योजना के तहत बिक्री की जाएगी। 9 अक्टूबर से प्रत्येक शुक्रवार को शिविर लगाया जाएगा। इन फ्लैट को खरीदने वाले आवंटन तिथि से दो माह के अंदर पूरी राशि जमा कराते हैं तो उन्हें भवन के मूल्य पर 5 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी। वहीं, एक खरीदार एक से अधिक फ्लैट खरीदता है तो प्रत्येक फ्लैट की कीमत पर 7 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।