पीएम स्वनिधि योजना का जरूरतमंदों को लाभ देने में गाजियाबाद 9वें स्थान पर

मंगलवार को नगर निगम सभागार में 50 स्ट्रीट वेंडरों को बांटे गये ऋण पत्र

गाजियाबाद में अब लगभग 16 हजार वेंडरों को मिल चुका है योजना का लाभ

प्रधानमंत्री के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का लाइव टेलीकास्ट, मौजूद रहे अधिकारी और जनप्रतिनिधि

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। पीएम स्वनिधि योजना के तहत गाजियाबाद में 7 हजार से अधिक स्ट्रीट वेंडरों को लोन वितरित किया जा चुका है। लगभग 10 हजार पात्र वेंडरों का चयन हो चुका है और उन्हें भी जल्द बैंकों द्वारा लोन उपलब्ध करा दिया जाएगा। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि योजना) के तहत लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की। गाजियाबाद नगर निगम सभागार आयोजित कार्यक्रम में इसका लाइव प्रसारण हुआ। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के प्रसारण के बाद मेयर आशा शर्मा, म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर, विधायक सुनील शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने अपने हाथों से 50 वेंडरों को ऋण पत्र वितरित किए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के 75 जिलों के लाभार्थी से बात की और उनके सुख दुख को साझा किया। प्रधानमंत्री ने स्ट्रीट वेंडरों के विचार जाने। ठेली-पटरी, खोखा, रेहड़ी पटरी वालों ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल में लॉकडाउन के कारण उनका कामकाज बंद हो गया। दोबारा काम करने के लिए पैसे नहीं थे। जिसके बाद उन्होंने जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) में पीएम स्वनिधि योजना के तहत 10 हजार रुपए का बैंक से लोन लेने के लिए आवेदन किया। बैंकों से लोन प्राप्त हो गया और धीरे-धीरे फिर से कामकाज शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वार्ता किए जाने का प्रसारण दिखाने के लिए निगम सभागार में बड़ा एलईडी स्क्रीन लगाया गया था। ऋण पत्र बांटे जाने के अवसर पर अपर नगर आयुक्त आरएन पांडेय, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, डूडा के परियोजना अधिकारी पवन कुमार शर्मा, नगर स्वास्थ अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। मेयर आशा शर्मा ने कहा कि योजना के तहत शहर में सब्जी की दुकान लगाने वाले, रेहड़ी पटरी खोखा लगाने वाले 10 हजार रुपए का लोन लेकर अपना कारोबार शुरू कर सकेंगे। बैंकों से 10 हजार रुपए का ऋण सीधे आवेदकों के खाते में पहुंच जाएगा। 10 हजार रुपए का लोन सिक्योरिटी मुक्त होगा। इसकी सब्सिडी नियमित भुगतान पर मिलेगी। 1200 रुपए तक का कैश मिलेगा। नियमित भुगतान करने पर अपना कामकाज बढ़ाने के लिए बड़ा लोन भी मिलेगा। नगर निगम और डूडा विभाग द्वारा शहर में 26,143 स्ट्रीट वेंडर के रजिस्ट्रेशन किए गए। इसमें से 20,483 वेंडरों को ऑनलाइन आवेदन भेजा गया। 10,372 वेंडरों के आवेदन फार्म बैंकों को भेजे गए। इसमें से 7874 वेंडरों को 10 हजार रुपए का लोन पीएम स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि के तहत वितरित किया गया। देश में योजना के तहत ऋण वितरण के मामले में उत्तर प्रदेश नंबर-1 स्थान पर है। जबकि गाजियाबाद देश के शहरों में 9वें स्थान पर है। योजना के क्रियान्वयन में तेजी के मामले में एवं अधिक से अधिक जरूरतमंदों को लाभ देने के मामले में उत्तर प्रदेश के 7 शहर टॉप-10 में हैं। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि प्रधानमंत्री स्व-निधि योजना के तहत मंगलवार को 50 आवेदकों को लोन के पत्र वितरित किए गए। शहरी क्षेत्र में 26,370 लोगों ने लोन लेने के लिए आवेदन किया है। इनमें से बैंकों से 7,370 लोगों को को 10 हजार रुपए का लोन जारी कर दिया गया हंै। डूडा से लोन मिलने के बाद इन लोगों ने खुद का काम शुरू कर दिया। 10,428 लोगों को पैसा दिया जाना बाकी है। योजना के तहत लोन लेने के लिए आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र और बैंक खाता होना जरूरी है। योजना के तहत ऋण प्राप्त करने के लिए किसी प्रकार की गारंटी की जरूरत नहीं है।