ग्राम समाज की सरकारी भूमि अवैध कब्जे से मुक्त नहीं हो रही

भाजपा नेता ने जिला प्रशासन से फरियाद लगाई

उदय भूमि ब्यूरो
गढ़ुक्तेश्वर।
ग्राम समाज की सरकारी भूमि अवैध कब्जे से मुक्त न होने से आहत भाजपा नेता ने जिला प्रशासन से कार्रवाई कराने की गुहार लगाई। सिंभावली क्षेत्र के गांव वैठ निवासी भाजपा के बूथ अध्यक्ष मुबारिक अली ने जिला प्रशासन को शिकायती पत्र भेजा है, जिसमें उल्लेख किया है कि गांव के इसरार ने ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर अवैध ढंग में कब्जा किया हुआ है। जिसको लेकर तहसीलदार न्यायालय में मुकदमा चल रहा है, जिसके तहत 30 अक्तूबर 2019 को 7.20 लाख के जुर्माने का नोटिस भी दिया गया था। परंतु उक्त इसरार ने अभी तक जुर्माना अदा नहीं किया है और न ही ग्राम समाज की सरकारी भूमि से अपना अवैध कब्जा हटाया है। भाजपा नेता ग्राम समाज की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर संबंधित ग्रामीण से जुर्माना राशि वसूलने की गुहार लगाई है। तहसीलदार सुरेंद्र सिंह का कहना है कि इस संबंध में पत्रावली का अवलोकन कराने के पश्चात यथासंभव कार्रवाई की जाएगी।