महिलाओं को दी मिशन शक्ति अभियान की जानकारी

गाजियाबाद। जनपद में महिला शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत अब मैसर्स श्रीराम रिंग्स एंड पिस्टन लि. मेरठ रोड में कार्यक्रम आयोजित किया गया। बालिकाओं की सुरक्षा समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इसमें बालिकाओं और महिलाओं को उनके अधिकार के बारे में जागरूक किया गयाइस दरम्यान महिला कर्मचारियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से अवगत कराया गया।

उप-श्रमायुक्त राजेश मिश्रा ने बताया कि श्रम कल्याण परिषद द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कर्मचारियों को गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार योजना, ज्योतिबा फूले कन्यादान योजना, दत्तोपंत ठेंगडी मृतक अंत्येष्टि सहायता योजना, राजा हरिश्चंद्र मृतक आश्रित सहायता योजना एवं डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक शिक्षा सहायता योजना आदि की जानकारी दी गई। इसके अलावा महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीडऩ अधिनियम-2013 एवं मातृत्व हितलाभ अधिनियम-1961 से भी अवगत कराया गया।

सहायक श्रमायुक्त सिद्धार्थ मोदियानी ने कहा बालिकाओं को मजबूत करने के लिए उनके शारीरिक ही नहीं मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना चाहिए। बालिकाओं की सुरक्षा अभिभावकों की ही नहीं पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा महिलाओं के प्रति समाज की धारणाओं को भी बदलने की जरूरत है। बालिकाओं ने बार-बार यह सिद्ध किया है कि यदि उन्हें अवसर मिले तो वो प्रत्येक क्षेत्र में अच्छा योगदान दे सकती हैं। इस मौके पर श्रीराम पिस्टन प्रबंधक अशोक शर्मा आदि मौजूद रहे।