गोदामों की बजाए अब सीधे दुकानों पर पहुंचेगा गरीबों का वितरण होने वाला राशन

गढ़ तहसील क्षेत्र में शीघ्र शुरू होगी सिंगल स्टेज डोर स्टेप योजना

जीपीएस वाहनों से डीलर के पास पहुंचेगा राशन

उदय भूमि ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर।
धौलाना तहसील के बाद शीघ्र ही अब गढ़ तहसील क्षेत्र में भी राशन में सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी की व्यवस्था शुरू की जाएगी। राशन गोदामों की बजाए अब सीधे एफ सी आई से राशन डीलरों की दुकानों पर पहुंचाया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट के तहत योजना शुुरू की जाएगी। इससे ढुलाई तथा गोदामों का किराया बचेगा। बता दिया जाए कि अभी तक जनपद की धौलाना तहसील के अलावा हापुड़ और गढ़ में राशन खाद्य विभाग के गोदामों में पहुंचाया जाता था। इसके बाद डीलर की दुकानों पर पहुंचाने की व्यवस्था होती थी। राशन की ढुलाई से लेकर रखरखाव का खर्च सरकार वहन करती थी। अब शासन ने सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी की व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत राशन खाद्य गोदामों के बजाए सीधे एफ सी आई से राशन डीलरों की दुकानों पर पहुंचाया जाएगा। फिलहाल यह योजना धौलाना तहसील में ही चल रही है। लेकिन अब शीघ्र ही उक्त योजना गढ़़ तहसील क्षेत्र में पायलट प्रोजेक्ट के आधार पर व्यवस्था शुरू करने की तैयारी है। राशन डीलर के यहां राशन की सीधे डिलीवरी होने पर विभाग का गोदामों का किराया तथा ढुलाई का खर्च बचेगा। राशन डीलरों तक राशन पहुंचाने वाले वाहनों में जीपीएस लगा होगा। डीलर ओटीपी के माध्सम से राशन की प्राप्ति ऑनलाइन दर्ज करेंगे।
क्या कहते है अधिकारी
गढ़ तहसील क्षेत्र में गढ नगर में 9 जबकि गढ़ और सिंभावली ब्लाक में 119 राशन की दुकानें स्थापित है। राशन में सिंगल स्टेज डोर स्टेप व्यवस्था शुरू की जाएगी जिसको लेकर प्लान तैयार किया जा रहा है। अभी तक उक्त योजना मात्र धौलाना ब्लाक में ही चल रही थी। इस व्यवस्था के तहत राशन गोदामों के बजाए सीधे डीलर को उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे खर्च बचेगा।