गाजियाबाद। प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता की यह नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि सोशल मीडिया की बुनियादी समझ व पार्टी के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए केन्द्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को सोशल मीडिया द्वारा जन जन पहुँचाने का प्रयास करें। चुनौतियों का सामना करना मनुष्य की प्रवृत्ति है। भाजपा के लिए चुनौतियों का सामना करना सामान्य बात है। यह बातें नन्दग्राम मंडल में भाजपा के कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग में सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग विषय पर चर्चा करते हुए भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय प्रवक्ता सरदार एसपी सिंह ने कहीं। 
उन्होने कहा कि वर्तमान में पूरे विश्व में कोरोना के कारण विपरीत स्थिति होने के बावजूद केन्द्र सरकार ने अपने भारतवर्ष में इस पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने का काम किया है। जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने, सीएए कानून बनाने, तीन तलाक मुद्दे पर कानून बनाने, आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने व पाकिस्तान को पूरे विश्व में बेनकाब करने व लद्दाख में चीनी घुसपैठ पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मुंहतोड़ जवाब देने व किसानों के हितों के लिए क़ानून बनाने के साथ साथ जनहित की कई योजनाओं को अमली जामा पहनाने का काम केन्द्र सरकार ने किया है। इससे सभी भारतीयों का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। श्री सिंह ने कहा कि हमारा प्राथमिक उद्देश्य सोशल मीडिया द्वारा नागरिकों तक सही जानकारियों का प्रसार करना है ताकि भाजपा की छवि को और निखारा जा सके तथा अपने मतदाता आधार को और बेहतर बनाया जा सके। इसके लिये हमें पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों और मुख्य मुद्दों के साथ ही अपने क्षेत्र की जनता के मुद्दों को लेकर भी जागरूक होना होगा। शिविर का समापन भाषण देते हुए मंडल अध्यक्ष पंकज राय ने विश्वास जताया कि मंडल के सभी कार्यकर्ता जनमानस में कार्य करते हुए पार्टी के जनाधार को मजबूत करने का कार्य निरन्तर जारी रखेंगे। इस मौके पर पार्षद संजीव त्यागी, आशुतोष श्रीवास्तव, सी पी सिंह, कुलवन्त सिंह, विनोद त्यागी, संदीप त्यागी, राजपाल राघव, पंकज भारद्वाज, हेमंत त्यागी, राजेश राय, नीतू सिंह, गीता नामदेव, मालती देवी, अभिषेक सक्सेना, छिद्दा पाल व रोहित राय आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
















