बैकफुट पर लुलु मॉल प्रबंधन, नमाज विवाद पर मांगी माफी

लखनऊ। देश के सबसे बड़े शॉपिंग मॉल लुलु में नमाज पढ़ने पर उभरे विवाद का पटाक्षेप हो गया है। मॉल प्रबंधन द्वारा बैकफुट पर आकर माफी मांगने के बाद अखिल भारतीय हिंदू महासभा के आक्रामक तेवर ठंडे पड़ गए हैं। हिंदू महासभा ने मॉल परिसर में सुंदर कांड पाठ का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। उधर, मॉल में नमाज पढ़ने के मामले में अज्ञात युवकों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। लखनऊ में कुछ दिन पहले लुलु मॉल का उदघाटन किया गया था। उदघाटन के बाद से मॉल को लेकर कोई न कोई विवाद सामने आ रहा है।

पहले मॉल के भीतर एक बच्ची हादसे का शिकार हो गई थी। इसके बाद मॉल परिसर में नमाज अता किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से विवाद गहरा गया था। मॉल में नमाज पढ़े जाने के विरोध में अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने शुक्रवार को वहां सामूहिक रूप से सुंदर कांड का पाठ करने की घोषणा की थी। विवाद बढ़ने पर माल प्रबंधन ने हिंदू महासभा से माफी मांग ली है। हिंदू महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी का कहना है कि मॉल प्रबंधन ने सार्वजनिक स्थल पर नमाज के मामले में माफी मांगी है।

इसके अलावा मॉल प्रबंधन की तरफ से रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। नतीजन हिंदू महासभा ने सुंदर कांड पाठ का कार्यक्रम टाल दिया है। हिंदू महासभा के कार्यक्रम को अयोध्या के संतों का समर्थन भी मिला था। इनका सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सुंदर कांड के पाठ का कार्यक्रम था।सुंदर कांड का पाठ शाम 6 बजे से करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। इसके चलते पुलिस ने शिशिर चतुर्वेदी को नजरबंद कर दिया।