उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। ममता सिंह को महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष और रजनीकांत राजू को विधि विभाग का चेयरमैन बनाए जाने की घोषणा शनिवार को विधिवत जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र यादव ने प्रेसवार्ता में की। प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि नवनियुक्त दोनों ही पदाधिकारी आने वाले समय में कांग्रेस को मजबूत करने का काम करेंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि ममता सिंह की नियुक्ति महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता की संस्तुति पर प्रदेश अध्यक्ष प्रिति तिवरी ने की है। उन्होंने बताया कि ममता सिंह आनंद सेवा समिति के नाम से एनजीओ भी चलाती हैं जो महिलाओं और बच्चों की समस्याओं को उठाने का काम करता है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि ममता सिंह की कार्यशैली और महिलाओं के प्रति कर्मठता को देखते हुए पार्टी हाईकमान ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की है कि वे आने वाले समय में ज्यादा से ज्यादा संख्या में महिलाओं को पार्टी के साथ जोडऩे का काम करेंगी। बिजेन्द्र यादव ने वरिष्ठ अधिवक्ता रजनीकांत राजू को विधि विभाग का चेयरमैन बनाए जाने की विधिवत घोषणा भी प्रेसवार्ता में की। उन्होंने बताया कि रजनीकांत राजू पिछले तीस सालों से पार्टी से जुड़े हुए हैं। नवनियुक्त महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता सिंह ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठों ने जिस उम्मीद से जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है। उस पर वह खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी।
















