अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा ने यूपी के उप मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन का मुद्दा

अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण मिश्र ने लखनऊ में डिप्टी सीएम दिनेश चंद्र शर्मा से की मुलाकात 

लखनऊ। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण मिश्र ने उत्तर प्रदेश सरकार के उप-मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। इस दौरान सूबे में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन करने की मांग की गई। उप-मुख्यमंत्री ने इस मांग के संबंध में सार्थक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण मिश्र ब्राह्मण समाज के समर्थन में निरंतर आवाज बुलंद कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने लखनऊ जाकर डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा से मुलाकात की है। तरूण मिश्र के मुताबिक देश के प्रत्येक राज्य में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की जरूरत है। यह समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज पर आए दिन अत्याचार के मामले सामने आ रहे हैं। न्याय के लिए इस समाज को इधर-उधर भटकना पड़ता है। यदि ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन हो जाए तो प्रताड़ित ब्राह्मणों को जल्द न्याय मिल सकेगा। यह मांग लंबे समय से उठाई जा रही है।

तरूण मिश्र ने कहा कि ब्राह्मण समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है। ब्राह्मणों ने समय-समय पर अपनी काबिलियत और श्रेष्ठता को सिद्ध किया है। देश एवं समाज हित में ब्राह्मण सदैव आगे रहे हैं। इसके बावजूद इस समाज को वह सम्मान और हक नहीं मिल पाया है, जिसका वह हकदार है। उन्होंने बताया कि अक्सर उत्पीड़न का शिकार होने पर ब्राह्मणों की शिकायत पर सुनवाई नहीं होती। कई बार उन्हें परिस्थितियों के आगे आत्मसमर्पण करना पड़ता है। ऐसे में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड समय की सबसे बड़ी जरूरत है। ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन होने पर ब्राह्मण समाज के सदस्य अपनी समस्या को रखकर उसका समुचित समाधान करा सकेंगे।

तरूण मिश्र ने बताया कि उप-मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के साथ इस मुद्दे पर सकारात्मक बातचीत हुई है। उन्होंने इस बावत उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। तरूण मिश्र ने उम्मीद जाहिर की है कि जल्द ब्राह्मण कल्याण बोर्ड उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के प्रत्येक प्रांत में स्थापित हो जाएंगे।