महिलाओं से संबंधित प्रकरणों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र हो निस्तारण: अस्मिता लाल
गाजियाबाद। मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल ने मंगलवार को महिला थाने व सिहानी गेट थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय क्षेत्राधिकारी आलोक दूबे व प्रभारी महिला थानाध्यक्ष उपस्थित रहीं। नोडल अधिकारी ने महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया तथा महिला संबंधी प्राप्त शिकायतों की पंजीका का अवलोकन किया। थाना प्रभारी ने बताया कि थाने में 80 प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण समयांतर्गत कर दिया जाता है। 
20 प्रतिशत शिकायतें जिनमें अभियुक्त विदेश में रहते हैं या वादी को अभियुक्त का पूर्ण पता ज्ञात न होने के कारण निस्तरण में समय लग जाता है। नोडल अधिकरी ने महिला थाने में परामर्श केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परामर्श केंद्र के प्रभारी को निर्देशित किया कि महिलाओं से संबंधित प्रकरणों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र निस्तारित कराया जाए। नोडल अधिकारी ने थाना सिहानी गेट की महिला हेल्प डेस्क का का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय में स्थापित महिला शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र व महिला कल्याण अधिकारी नेहा वालिया आदि उपस्थित थे। उन्होंने महिला कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि वह और अधिक एवं सजग तरीके से जनपद गाजियाबाद में मिशन शक्ति अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराना एवं प्रत्येक दिवस की गतिविधियों में उपस्थित प्रतिभागियों की संख्या एवं फोटो ग्राफ्स आदि का सुसंगत तरीके से रख-रखाव करें।
















