म्युनिसिपल कमिश्नर ने जनता के साथ किया संवाद

शालीमार गार्डन में जन चौपाल कार्यक्रम आयोजित

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा वीरवार को आयोजित जन चौपाल में म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने नागरिकों के साथ कूड़ा निस्तारण के उपाय और नगर निगम के प्रोजेक्ट के बारे में चर्चा की। यही नहीं म्युनिसिपल कमिश्नर ने जनता से शहर को धूल मुक्त करने के बारे में जानकारी दी। नगर निगम ने शालीमार गार्डन के दयानंद पार्क में यह कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर वार्ड संख्या 70, वार्ड संख्या 78, वार्ड संख्या 64 व अन्य क्षेत्र से काफी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। नागरिकों ने म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर व नगर निगम की टीम का स्वागत किया। म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता शहर को कूड़ा मुक्त करना है। इसके लिए सभी डंपिंग ग्राउंड के लिए ट्रीटमेंट प्लांट लगाने से लेकर उन्हें डिस्पोज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर को धूल मुक्त करने के लिए हर वार्ड में धूल एकत्रित करने का काम किया जा रहा है। जन चौपल में उपस्थित नागरिकों ने सीवर और जलभराव की समस्या के साथ-साथ शालीमार गार्डन के मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण का बात रखी। मौके पर उपस्थित अधिकारियों को म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने उनके निस्तारण का निर्देश दिया।