लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद में हिंदू युवक और मुस्लिम युवती के अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। विरोध और बंदिशों की परवाह किए बगैर दोनों ने मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के साथ शादी कर ली है। नवदंपति को नई जिंदगी की बेहतर शुरुआत के लिए खूब बधाई मिल रही हैं।
देश में लव जिहाद और धर्मांतरण से जुड़ी खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं। इन पर विवाद भी होता रहा है। इसके इतर अलीगढ़ में हिंदू युवक और मुस्लिम युवती के प्रेम की चर्चा इन दिनों खूब हो रही है। थाना पाली मुकीमपुर क्षेत्र के बिजौली गांव निवासी अमित माहेश्वरी और जनपद कासगंज निवासी निशा खान अब एक-दूज के हो चुके हैं। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। ऐसे में दोनों ने दांपत्य सूत्र में बंधने का फैसला दिया। अमित और निशा ने मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के साथ शादी कर ली है। कासगंज की निशा खान ने अपने मजहब की दीवारों को तोड़कर प्रेमी अमित के साथ 7 फेरे लेकर शादी की है।
मुस्लिम युवती द्वारा हिंदू युवती से की गई शादी चर्चाओं में है। बजरंग दल अतरौली के पूर्व जिला संयोजक शुभम सिंघल ने इस प्रेम विवाह के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह शादी युवक-युवती की रजामंदी से हुई है। इसमें सभी हिंदूवादी व्यक्ति मौजूद थे। इनकी शादी शिव मंदिर बिजौली पर कराई गई। यह इनके जीवन के लिए एक नई किरण है। इस वैवाहिक कार्यक्रम को लेकर चर्चाएं होने लगी हैं। मुस्लिम युवती के परिवार की तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उधर, देश के विभिन्न हिस्सों से अक्सर लव जिहाद और धर्मांतरण के मामले सामने आते रहते हैं। जिस पर बवाल भी होता है।
















