शासन ने 33.95 करोड़ 67 हजारकी रकम स्वीकृत की
करीब पौने 26 किलो मीटर लंबाई में सड़क चौड़ी होगी
तीन दर्जन से अधिक गांवों के साथ बुलंदशहर आने जाने वाले को भी सुविधा मिलेगी
उदय भूमि ब्यूरो
गढ़ुक्तेश्वर।
राष्ट्रीय राजमार्ग से वैठ होकर बहादुरगढ़ को जाने वाले करीब पौने 26 किलोमीटर लंबाई वाले मार्ग के चौड़ीकरण को प्रदेश शासन ने 33.95 करोड़ 67 हजारकी रकम स्वीकृत की है, जिससे क्षेत्र के तीन दर्जन से अधिक गांवों के साथ ही उक्त मार्ग से होकर जनपद बुलंदशहर को आने जाने वालों को बड़े स्तर पर सुविधा मिलेगी। अति व्यस्तम दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग से सिंभावली क्षेत्र के गांव वैठ में होकर बहादुरगढ़ को जाने वाले करीब पौने 26 किलोमीटर लंबाई वाली जर्जर सड़क और उसकी चौड़ाई कम होने से उस पर आवागमन करने वालों को काफी दिनों से खूब दिक्कत झेलनी पड़ रही हैं, जिसको लेकर क्षेत्रीय लोग लगातार आवाज उठाते आ रहे हैं। उक्त सड़क के चौड़ीकरण को लोक निर्माण विभाग ने प्रदेश शासन को प्रस्ताव भेजकर उपयुक्त धनराशि मुहैया कराने की मांग की थी, जिसके आधार पर प्रदेश शासन ने 33.95 करोड़ 67 हजार की रकम स्वीकृत की है। जिससे बहुत जल्द नेशनल हाईवे से वाया वैठ होकर बहादुरगढ़ को जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ होना है। सड़क का चौड़ीकरण होने से उक्त मार्ग पर सफर करने वाले पूठ, सालारपुर, कनौर, चांदनेर, सदरपुर, ठेरा, डेहरा रामपुर, डेहरा कुटी, लहडरा, शकराटीला, रहरवा, क्रियावली, नानई, जखैड़ा रहमतपुर, पलवाड़ा, ढोलपुर, भैना, बहादुरगढ़, गंदूनंगला, नंगला बड़, वैठ, लुहारी, करीमपुर, सिकंदरपुर, खेड़ा, जमालपुर, रझैटी, फुलड़ी, बिहूनी समेत क्षेत्र के करीब तीन दर्जनों गांवों के लाखों ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी, जबकि उक्त मार्ग से होकर जनपद बुलंदशहर में आने जाने वालों को भी राहत के साथ ही समय और पैसे की बचत होगी। भाजपा नेता मेजर भीष्म त्यागी, मुबारिक खां, हबीब चौधरी, पूर्व प्रधान अतहर अली, मुकुल त्यागी, राहुल सिंह, दीपक कुमार का कहना है कि नेशनल हाईवे से वाया वैठ होकर बहादुरगढ़ को जाने वाली करीब पौने 26 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण को शासन से धनराशि स्वीकृत होना क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी है, जिसके लिए क्षेत्रीय विधायक कमल मलिक का प्रयास बेहद सराहनीय रहा है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता उधम सिंह ने बताया कि नेशनल हाईवे से गांव वैठ होकर बहादुरगढ़ को जाने वाली करीब पौने 26 किलोमीटर लंबी सड़क की वर्तमान चौड़ाई पौने चार मीटर है, जिसे चौड़ीकरण में बढ़ाकर साढ़े पांच मीटर किया जाना है। उन्होंने बताया कि वैठ-बहादुरगढ़ मार्ग की सड़क का चौड़ीकरण कार्य अत्याधुनिक स्टैबलाइज डब्लूएमएम वाली तकनीक से होना है, जिसमें बजरी और सीमेंट समेत तारकोल की दो अलग अलग परत डाली जानी हैं।
















