उदय भूमि ब्यूरो
पिलखुवा।
जल जीवन की अनमोल जरूरत है।जल के बिना जीवन संभव नहीं है। इसलिए जल का संचय करना एवं उसकी बर्बादी करना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। जल की बर्बादी रोकने के लिए अब प्रत्येक घर में से एक जल योद्धा तैयार किया जाएगा। जो अपने घर और परिवार के बीच में जल की बर्बादी को रोकेगा। यह विचार पर्यावरण प्रहरी अमित कुमार ने युवा जल संरक्षण समिति द्वारा निकटवर्ती गांव खेड़ा में जल संरक्षण अभियान के दौरान लोगों के समक्ष व्यक्त किए। नगर अध्यक्ष मधुसूदन सिंह ने खेड़ा गांव वासियों को जल की बर्बादी रोकने के लिए आगे आकर युवा जल संरक्षण समिति को सहयोग करने की अपील की। और कहा कि जल हमारा वर्तमान भी है और जल हमारा भविष्य भी है। कपिल वर्मा ने जल की बर्बादी रोकने के लिए वाटर टैंक पर अलार्म लगवाने ,सबमर्सिबल से जल की बर्बादी को रोकने के लिए गांव स्तर पर कमेटी बनाने पर जोर दिया। सुमित दुबे ने सरकारी पानी की लगी टोंटियो को आवश्यकता अनुसार खोलने पर बल दिया। इस अवसर पर सुभाष तोमर, ललित कुमार, सुमित तोमर, गोरक्ष गिरी, कार्तिक, तुषार, सोनू, प्रिंस, दीपक, रोहित, सौरभ, विवेक, विपिन, दीपम, शिवा, योगेश आदि उपस्थित थे।
















