अयोध्या से ओबीसी मोर्चा करेगा 2022 के चुनाव का आगाज

-18 व 19 सितंबर को ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, 350 सीट को पार करने का लक्ष्य

अयोध्या। भारतीय जनता पिछड़ा मोर्चा उत्तर प्रदेश के द्वारा अयोध्या की पावन भूमि पर सर्किट हाउस में गुरूवार को प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद नरेंद्र कश्यप ने कहा कि आगामी 18 व 19 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा मोर्चा अपनी कार्य समिति की बैठक डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय मेंं संत कबीर सभागार में आयोजित होगा। जिसमें पूरे उत्तर प्रदेश के 98 जिलों के पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय पदाधिकारी और प्रदेश पदाधिकारी इस कार्यसमिति की बैठक में सम्मिलित होंगे। 19 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी संगठन के शिल्पी कार सुनील बंसल का प्रथम सत्र में मार्गदर्शन प्राप्त होगा एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य उपस्थित रहेंगे। 18 सितंबर को उद्घाटन सत्र में प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश के प्रभारी दयाशंकर सिंह, उत्तर प्रदेश सह प्रभारी पूनम बजाज, केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री संगम लाल गुप्ता, सांसद डॉके लक्ष्मण, राष्ट्रीय अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा पूर्व गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर आएंगे।
नरेन्द्र कश्यप ने बताया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में 350 से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। भाजपा पिछड़ा मोर्चा की अयोध्या की पावन भूमि में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति में इसके लिए रणनीति बनायी जायेगी। प्रदेश व जिला स्तर के पदाधिकारियों को केन्द्र व प्रदेश सरकार के द्वारा गरीबों, वंचितों व पिछड़ों हक को लेकर किये गये कार्यो की चर्चा करके इसको प्रसारित करने के लिए निदेर्शित किया जायेगा। उन्होने बताया कि संसद से बिल पास कराकर ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिलाना भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धि है। इससे समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के संकल्पों को सम्बल मिलेगा। सरकार ने सभी वर्गो की अपेक्षा के अनुसार अपनी योजनाएं दी है। विपक्षी दलों द्वारा भाजपा के समाज के हित रचनात्मक कार्यो में रोड़ा अटकाने के साथ जनता को गुमराह करने का लगातार प्रयास किया जाता रहा है। विपक्ष गुमराह करने की राजनीति को जरा सा भी जनसमर्थन नहीं मिल रहा है।
उन्होने कहा कि अयोध्या में होने वाली पिछड़ा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर गरीबों, वंचितों व पिछड़ों का प्रतिनिधित्व करने वाले पार्टी के नेताओं में उत्साह का माहौल है। पिछले 5 दिनों से प्रदेश अध्यक्ष के साथ अन्य पदाधिकारी जोर शोर से तैयारियों में लगे हुए हैं। प्रेसवार्ता के दौरान स्थानीय विधायकवेद प्रकाश गुप्ता, प्रदेश महामंत्री विनोद यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष चिरंजीव चौरसिया, प्रमेंद्र जांगड़ा , जयप्रकाश कुशवाहा, भास्कर निषाद, शिव नायक वर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी सौरभ जायसवाल, ऋषि चौरसिया, विजय गुप्ता, आरडी विश्वकर्मा व अन्य पदाधिकारी गण उपस्थित रहे।