उदय भूमि ब्यूरो
मोदीनगर।
तीन माह की फीस माफ व बढ़ी फीस वापस लेने की मांग को लेकर अभिभावकों का धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। बुधवार को तहसील परिसर में त्रिपक्षीय वार्ता का आयोजन किया गया। बैठक में अभिभावक संघ ,स्कूल एसोसिएशन व प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। वार्ता बेनतीजा रहने पर अभिभावकों ने हंगामा किया। तहसील सभागार में आयोजित बैठक में अभिभावकों की ओर से कहा गया कि लॉकडाउन के दौरान जब स्कूल खुले ही नहीं तो फिर फीस किस बात की। यह भी कहा गया की स्कूल संचालक ट्यूशन फीस के अलावा अन्य मद भी वसूल रहे हैं, जो गलत है। आरोप लगया गया कि स्कूल संचालक अभिभावकों पर फीस जमा करने का दबाव बना रहे हैं। स्कूलों की ओर से आए संचालकों, प्रबंधकों और प्रधानाचार्य का कहना था कि फीस जमा करने के लिए किसी भी अभिभावक पर दबाव नहीं बनाया जा रहा है। यदि कोई अभिभावक परेशानी के चलते फीस जमा करने में असमर्थ है, तो वह स्कूल में यह बात लिखित रूप से दे सकता है जिस पर विचार किया जाएगा। दो घंटे से अधिक समय चली बैठक में कोई हल नहीं निकला। बैठक विफल होने के कारण अभिभावक ने भी जमकर हंगामा किया। बैठक में विधायक डॉ. मंजू सिवॉच भी मौजूद रही। इस मौके पर अभिभावक संघ व स्कूल एसोएिसशन के सदस्य मौजूद रहे।















