पीएम बोले, आज पूरे देश का नाम रौशन कर रही मेरठ की बेटियां
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मेरठ पहुंचे। मेरठ में पीएम मोदी ने मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का शिलान्यास किया। भविष्य में इस यूनिवर्सिटी में अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था में आए बदलाव का विशेष तौर पर उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में अपराधियों को अब खेल खेलने का मौका नहीं मिल रहा है। पूर्ववर्ती सरकारों में अपराधी खुलकर मनमानी करते थे। माफिया अपना खेल खेलते थे। यूपी में पहले अवैध कब्जा करने के टूर्नामेंट होते थे।
बेटियों पर फब्तियां कसने वाले बेखौफ होकर घूमते थे। योगी सरकार आज ऐसे अपराधियों के साथ जेल-जेल खेल रही है। उन्होंने कहा कि 5 साल पहले तक मेरठ में भी बेटियां शाम ढलने के बाद घर से बाहर निकलने में कतराती थीं। आज मेरठ की बेटियां देशभर का नाम रौशन कर रही हैं। यह बदलाव योगी सरकार के कार्यकाल में आया है। पीएम मोदी ने कहा कि यूपी में अब असली खेल को आगे ले जाया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश अब विकास की राह पर चल पड़ा है। यूपी में 5 साल में प्रत्येक क्षेत्र में विकास किया गया है।
पीएम मोदी ने खिलाड़ियों का हमेशा उत्साहवर्द्धन किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में एकलव्य क्रीड़ा कोच की भी स्थापना की है। यह क्रीड़ा कोच खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए कोचिंग देने का काम करेगा। उधर, मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना करीब 700 करोड़ रुपए की लागत से होगी। सरधना कस्बा के कैली गांव में यह यूनिवर्सिटी स्थापित होगी।
स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में सिंथेटिक हॉकी मैदान, फुटबॉल मैदान, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी मैदान, लॉन टेनिस कोर्ट, जिमनेजियम हॉल, सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, तरणताल और एक साइक्लिंग वेलोड्रोम सहित अत्याधुनिक खेल सुविधाएं रहेंगी। इसके अलावा भव्य हॉल बनेगा। हॉल में निशानेबाजी, स्क्वैश, जिम्नास्टिक, तीरंदाजी, कैनोइंग और कयाकिंग आदि की सुविधा रहेगी। विश्वविद्यालय में 540 महिला और 540 पुरुष खिलाड़ियों सहित कुल 1,080 खिलाड़ी एक साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
















