पुलिस से बेखौफ बदमाशों

कोतवाली के निकट किया दिनदहाड़े लूट का प्रयास

उदय भूमि ब्यूरो
हापुड़।
बदमाशों के आजकल हौसले इतने बुलंद हो गए हैं। वह ना तो कोतवाली की दूरी देख रहे हैं। ना ही आसपास भीड़ के लोगों को और बेखौफ बदमाश यूं ही घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। बाइक सवार बदमाशों ने हापुड़ के व्यस्ततम चौराहे  के पास कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर पिलखुआ निवासी एक व्यक्ति से लूट का प्रयास किया। लेकिन व्यक्ति के  विरोध करने पर बदमाशों ने व्यक्ति की पिटाई प्रारंभ कर दी और फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिलखुआ के सर्वोदय नगर कॉलोनी निवासी परमानंद थ्री व्हीलर से हापुड़ अंबेडकर मूर्ति पर उतर कर तहसील जा रहे थे। तभी दो बाइक सवार बदमाशों ने टक्कर मारकर थैला छीनने का प्रयास किया। लेकिन परमानंद बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों से उल्टे भिड़ गए। लूट में असफल होने पर बदमाशों ने परमानंद से मारपीट शुरू कर दी और फरार हो गए। इसी चौराहे पर उस समय ट्रैफिक पुलिस कर्मी तैनात थे तथा काफी भीड़भाड़ थी। लेकिन बदमाशों ने बेखौफ होकर लूट का प्रयास किया। इससे पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लग रहा है।