दिल्ली से आने वालों पर होगी सतर्क दृष्टि
बार्डर इलाकों में मोबाइल वैन से होगा कोरोना टेस्ट
गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने अधिकारियों के साथ पोस्ट फेस्टिवल स्ट्रेटजी की तैयारी की। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शाम को दिल्ली से आने वाले लोगों पर सतर्क दृष्टि रखी जाएगी। जिले से सटे दिल्ली राज्य में बढते कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले में पोस्ट फेस्टिवल स्ट्रेटजी लागू की है, जिसके तहत कार्रवाई जारी है। इसके तहत जिलाधिकारी अजय शंकर पाण्डेय ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में चिकित्सा विभाग के अधिकारियों एवं कोरोना संक्रमण से जुडे नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर कोविड-19 से निपटने हेतु तैयारियों के सम्बन्ध में समीक्षा की। इसके अलावा बार्डर से लगे इलाकों में मोबाइल वैन से कोरोना की रेंडम जांच कराई जाएगी। इसके अलावा इंदिरापुरम, साहिबाबाद, विजयनगर में टेस्टिंग बूथ की संख्या बढ़ाई जाएगी। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय द्वारा पोस्ट फेस्टिवल स्ट्रेटजी बनाते हुए अधिकारियों के साथ बैठक की गई। कलक्ट्रेट स्थित सभागार में आयोजित बैठक में कोरोना से निटपने की रणनीति पर वृहद चर्चा हुई। 
बैठक में निर्णय लिया गया कि दिल्ली से आने वाले लोगों पर सतर्क दृष्टि रखी जाएगी। शाम के समय दिल्ली से आने वाले लोगों की बूथ लगाकर सैम्पिलिंग कराई जाएगी। यही नहीं जिन स्थानों पर कोविड के अधिक पेसेंट पाए गए है उन क्षेत्रों में टेस्टिंग का काम प्रभावशाली ढंग से बढ़ाया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि दिल्ली से लगे संवेदशील क्षेत्रों इंदिरापुरम, साहिबाबाद, विजयनगर क्षेत्रों में टेस्टिंग टीमों की संख्या बढ़ाई जाएगी। प्रतिदिनि इन इलाकों में कर्मचारियों को अपनी रिपोर्ट भी देनी होगी। इसके अलावा उन लोगों के मोहल्लों और कालोनियों पर विशेष नजर रखी जाएगी जहां लोगा सोसायटियों में विभिन्न प्रकार का काम करने जाते है। इनमें प्रहलादगढ़, मकनपुर, भोवापुर, करहैड़ा क्षेत्र शामिल है। ऐसे क्षेत्रों में मोबाइल वैन लगाकर अधिक से अधिक टेस्टिंग की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कोविड मरीजों के बारे में आईडीएसपी पोर्टल पर सूचना जारी होनी चाहिए। इसके लिए निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों को भी शामिल किया गया है। डीएम ने निर्देश दिए कि निजी कोविड अस्पतालों में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की आइडी लेकर पोर्टल पर उनकी सूचना को अपलोड कराया जाए। दिल्ली से आने वालों की रेंडम टेस्टिंग कराई जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी एनक गुप्ता को इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल समेत विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
















