एक विषय में पंद्रह नंबर के होंगे तीन प्रोजेक्ट
नही बनाए तो डिविजन पर पड़ जायेगा असर
अनिल तोमर
उदय भूमि ब्यूरो
पिलखुआ।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा इस वर्ष भी छात्रों को प्रोजेक्ट वर्क बुक बनानी होंगी। यूपी बोर्ड द्वारा कक्षा 9 एवं कक्षा 10 में प्रयोगात्मक विषयों गृह विज्ञान,विज्ञान सामाजिक विज्ञान, गणित, वाणिज्य,संगीत गायन, संगीत वादन,कृषि, सिलाई एवं चित्रकला रंजन कला तथा मानव विज्ञान विषयों में छात्रों द्वारा प्रोजेक्ट तैयार किए जाएंगे। कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा में सभी मासिक परीक्षाओं प्रोजेक्ट एवं प्रयोगात्मक के प्राप्तांक वार्षिक परीक्षा के योग में सम्मिलित किए जाएंगे। कक्षा 10 के लिए मासिक परीक्षा प्रोजेक्ट तथा प्रयोगात्मक के कुल प्राप्तांक जनवरी माह में परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय को उपलब्ध करा दिए जाएं। जिसके लिए अभी से तैयारी करनी होगी। प्रत्येक छात्र को प्रोजेक्ट कार्य संबंधित विषय अध्यापक के मार्गदर्शन में पूरा करना होगा।विद्यार्थी द्वारा प्रस्तुत प्रोजेक्ट हस्तलिखित होंगे। छात्रों को प्रोजेक्ट बनाते समय शीर्षक प्रोजेक्ट, चयन का उद्देश्य ,प्रोजेक्ट की रूपरेखा एवं परिसीमाएं ,आवश्यक सामग्री,कार्य विधि, प्रोजेक्ट का वर्गीकरण,सारणीयन में विश्लेषण, निष्कर्ष या मूल्यांकन उपयोगिता एवं संदर्भ सूची जैसे बिंदुओं को भी ध्यान में रखना होगा। सभी भाषाओं में 70 अंकों की लिखित परीक्षा एक प्रश्न पत्र के आधार पर होगी एवं 30 अंकों का आंतरिक मूल्यांकन मासिक परीक्षाओं के आधार पर विद्यालय स्तर पर किया जाएगा। भाषा में हिंदी,प्रारंभिक हिंदी, अंग्रेजी एवं संस्कृत विषय होंगे प्रत्येक मानसिक परीक्षण 10 अंक का होगा। कुल 3 मासिक परीक्षण होंगे। मासिक परीक्षण में छात्रों को निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर पढ़ाए गए पाठो में से उनके द्वारा किए जाने वाले क्रियाकलापों एवं कौशल तथा बुद्धि के परीक्षण किए जाएं। परीक्षार्थियों द्वारा समय अंतर्गत किए जाने वाले सृजनात्मक कार्य भी इसमें सम्मिलित किए जाए हिंदी भाषी छात्रों को यह प्रोजेक्ट वर्क बुक हिंदी माध्यम तथा इंग्लिश मीडियम के छात्रों को यह प्रोजेक्ट वर्क इंग्लिश माध्यम में ही करना होगा। हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम में प्रोजेक्ट वर्क बुक तैयार करने वाले प्रकाशक नेशनल पब्लिशर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर के प्रोपराइटर अंकित तोमर ने बताया कि कुछ विद्यालयों में अध्यापकों द्वारा प्रोजेक्ट वर्क बुक तैयार कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। इस वर्ष स्पाइरल प्रोजेक्ट की डिमांड ज्यादा है।
















