किसान बिल का विरोध, पुलिस से भिड़े कांग्रेसी

समर्थकों संग प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू गिरफ्तार

उदय भूमि ब्यूरो
लखनऊ। सूबे की राजधानी लखनऊ में किसान बिल के विरोध में सोमवार को काफी बवाल मचा। कांग्रेस द्वारा विधान सभा घेराव की घोषणा किए जाने के मद्देनजर पुलिस हरकत में नजर आई। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को समर्थकों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। परिवर्तन चौक से कांग्रेसियों की गिरफ्तारी की गई। संसद के दोनों सदनों से किसान बिल को मंजूरी मिल चुकी है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी रविवार को यह बिल स्वीकृत कर दिया था। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने किसान बिल के खिलाफ विधान सभा का घेराव करने की घोषणा की थी। इसके चलते पुलिस को सतर्क कर दिया गया। विधान सभा का घेराव करने निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अयोध्या हाईवे पर रोक लिया गया। अहमदपुर टोल प्लाजा और मौहम्मदपुर चौकी पर पुलिस ने वाहनों की सघन चैकिंग की। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को घरों में नजरबंद किया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन को भी पुलिस ने नजरबंद कर दिया गया। एलआईयू के जरिए भी कांग्रेसियों पर नजर रखी गई। लखनऊ में परिवर्तन चौक पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी होने पर समर्थकों ने खासा बवाल किया। कांग्रेसियों की पुलिस के साथ तीखी झड़प हुई। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसान बिल के विरोधियों की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था। इसके चलते यह बिल लाया गया है। यह बिल किसानों को बिचौलियों के चंगुल से आजाद कराएगा। किसानों को पसंद के मुताबिक अपने उत्पाद बेचने का विकल्प मिला है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रविवार को रेडिया पर मन की बात कार्यक्रम में किसान बिल के लाभ बताए थे। पीएम मोदी ने विपक्षी दलों की आलोचना की थी।