लखनऊ सचिवालय में महिला कर्मचारी से अश्लीलता का मामला
लखनऊ । लखनऊ सचिवालय का रंगीन मिजाज अनु सचिव इच्छाराम यादव अब जेल की हवा खा रहा है। महिला कर्मचारी से अश्लील हरकत करना यादव को भारी पड़ गया है। सोशल मीडिया पर अनु सचिव की अनैतिक हरकत का वीडियो वायरल होने के बाद एकाएक हड़कंप मच गया था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को धरदबोचा। लखनऊ सचिवालय में तैनात अनु सचिव इच्छाराम यादव का रंगीन मिजाजी का वायरल वीडियो चर्चाओं में है।
वीडियो में दिख रहा है कि अनु सचिव ड्यूटी पर महिला संविदा कर्मचारी के साथ अश्लील हरकत कर रहा है। महिला कर्मचारी के विरोध करने पर वह जॉब छुड़वाने की धमकी देता है। इस संबंध में लखनऊ के हुसैनगंज थाने में गत 29 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज कराई गई थी। एफआईआर में कहा गया कि था कि लखनऊ सचिवालय के एक अनु सचिव ने महिला संविदा कर्मचारी के साथ अश्लील हरकत कर यौन उत्पीड़न किया। इस पर पीड़ित महिला का कहना है कि शिकायत के बाद अब जाकर कार्रवाई हो सकी है।
इससे पहले परेशान होकर 10 नवंबर की रात महिला ने वीडियो वायरल कर दिया था। महिला का कहना है कि वीडियो उसने अनु सचिव से छिपाकर खुद बनाया था, जिसमें आरोपी अनु सचिव उसके साथ अश्लील हरकत करते दिख रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी सचिव को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल 2.48 मिनट के वीडियो में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में तैनात अनु सचिव इच्छाराम यादव महिला कर्मचारी के साथ अश्लील हरकत करता दिख रहा है।
पीड़िता का आरोप है कि अनु सचिव काफी समय से परेशान कर रहा था। इच्छाराम यादव ने जॉब छुड़वाने की धमकी देकर भी महिला का यौन शोषण किया। महिला ने इसकी शिकायत करने के लिए वीडियो बनाई, जिससे उसके पास सबूत रहे। महिला ने इच्छाराम यादव के आने से पहले कैमरा छिपा दिया, जिसकी वीडियो रिकॉर्ड हो गई।
















