चुनावी मौसम में यूपी से सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह की दूरी

कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की तीसरी लिस्ट में भी नाम नहीं

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में प्रचार-प्रसार के लिए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का ना आना कार्यकर्ताओं को काफी अखर रहा है। विधान सभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है, मगर इस लिस्ट में भी सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह का नाम नहीं है। यानि ये दोनों कद्दावर नेता यूपी में चुनाव प्रचार करने नहीं आएंगे। जबकि उत्तराखंड में चुनाव प्रचार के लिए तैयार कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची में सोनिया व मनमोहन का नाम सबसे ऊपर है।

यूपी में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर चल रही है। पहले चरण के लिए 10 फरवरी को मतदान होना है। इसके लिए जोरों पर तैयारियां चल रही हैं। कांग्रेस ने तीसरे चरण के चुनाव को ध्यान में रखकर स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है। इस सूची में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का नाम शामिल नहीं है। कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक की तरफ ये ताजा सूची जारी की गई है।

सूची में पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, यूपी के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, आराधना मिश्रा, गुलाम नबी आजाद, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ, भूपेश बघेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, प्रमोद तिवारी, पीएल पूणिया, राजीव शुक्ला, सचिन पायलट, दीपेंद्र सिंह हु्ड्डा, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, आचार्य प्रमोद कृष्णम, प्रदीप जैन आदित्य, रणजीत सिंह जुदेव, हार्दिक पटेल, इमरान पटेल, इमरान प्रतापगढ़ी, वर्षा गायवाड और सुप्रिया श्रीणेट के नाम हैं। यूपी में 20 फरवरी को तीसरे चरण के तहत 59 सीटों पर मतदान होना है।