गोदामों और दुकानों पर वितरण किए गए खाद्य सामग्री के रजिस्टर स्टॉक की जांच की
गरीबों को सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के आदेश
राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष के साथ राज्य खाद्य आयोग के सदस्य भी रहे मौजूद
टीम के आने पर स्थानीय अधिकारियों में हड़कंप मचा
उदय भूमि ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर।
उत्तर प्रदेश राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष नंदकिशोर यादव व आयोग के सदस्य मोहम्मद इस्माइल के द्वारा गढ़ और सिंभावली क्षेत्र में सस्ते गल्ले की दुकान व गोदामों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने दुकान पर वितरण किए गए राशन के रजिस्टर की जांच करते हुए गोदामों पर रखे स्टॉक की बारीकि से जांच पड़ताल की। बृहस्पतिवार को गढ़ और सिंभावली क्षेत्र में उत्तर प्रदेश राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष नंदकिशोर यादव व आयोग के सदस्य मोहम्मद इस्माइल के द्वारा सस्ते गल्ले की दुकान व गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके द्वारा दुकानों पर वितरण किए गए राशन का रजिस्टर, स्टॉक की जांच पड़ताल की। उसके बाद वह गढ़ और सिंभावली में स्थित विभागीय गोदाम पर पहुंचे जहां उन्होंने चावल, गेंहू, चना आदि के स्टॉक की जांच पड़ताल की। इस दौरान नंदकिशोर यादव ने कहा कि सरकार व आयोग की यह मंशा है कि हर लाभार्थी को हर हाल में राशन मिलना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी देखा जाए कि जो अपात्र इस योजना का लाभ ले रहे हैं, उन्हें श्रेणी से अलग किया जाए। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड को आधार से जोडऩे और अब अंगूठा के निशान से राशन दिए जाने के कारण लाखों गरीबों को फायदा पहुंच रहा है। यह प्रक्रिया चल रही है और जो कमियां रह गई हैं, उसे भी जल्द पूरा किया जाएगा। नंद किशोर यादव ने बताया कि हर जिले में शिकायत निवारण अधिकारी का पद सृजित है। राशन से जुड़ी शिकायतें जिला पूर्ति अधिकारी या शिकायत निवारण अधिकारी, संबंधित एसडीएम से की जा सकती है। यहां यदि समस्या नहीं सुलझ रही तो राज्य खाद्य आयोग से शिकायत करें। आयोग के अदालत में दोनों पक्षों की दलील सुनकर उचित निर्णय किया जाता है। इस मौके पर राज्य खाद्य आयोग के सदस्य मोहम्मद. इस्माइल, आरएमओ सुरेश कुमार यादव, पूर्ति निरीक्षक कुंवर सिंह आदि मौजूद रहे।
















