12 अक्टूबर को हाईवें निर्माण का कार्य रोकेगी भाकियू भानू गुट
सिंभावली के गांव सिखेड़ा में अंडर पास की मांग को लेकर दिया जा रहा धरना
उदय भूमि ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर।
सिंभावली के गांव सिखेड़ा में बाईपास में अंडरपास की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे भाकियू भानू गुट और ग्रामीणों का धरना बुधवार को भी जारी रहा। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे के बाईपास में सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा के पास अंडरपास खुलवाए जाने की मांग को लेकर ग्रामीण किसान संघर्ष समिति के साथ मिलकर आंदोलन कर रहे हैं। जिन्होंने बुधवार को भी बेमियादी धरने पर बैठकर अपनी अनदेखी होने का आरोप लगाया। बुधवार को भाकियू भानु किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुबीश त्यागी और अजय त्यागी ने कहा कि पिछले डेढ सप्ताह से ग्रामीण अंडर पास की मांग को लेकर धरना दे रहे है। लेेकिन कोई भी अधिकारी सुनवाई करने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही ग्रामीणों की समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो मजबूर होकर भाकियू को 12 अक्टूबर को बाइपास निर्माण का सभी कार्य रोक दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से एनएचएआई द्वारा ग्रामीणों को तीन किलो मीटर की दूरी पर अंडरपास दे रहे है वह गलत है। इस अवसर पर राजपाल, सुखबीर, सुनील, हरपाल, बबलू सिंह, इमरान खान, ताहिर, अफजाल, संजय, विनोद,अरुण ने कहा कि भले ही पुलिस की लाठी खाने से लेकर जेल तक क्यों न जाना पड़े, परंतु जनहित से जुड़ी यह मांग पूरी होने तक आंदोलन किसी भी दशा में समाप्त नहीं होगा।
















