टयूबवैल के पट्टे में आकर किशोरी की मौत

बच्चों की खेलकूद के दौरान दुर्घटना हुई

उदय भूमि ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर
टयबूवैल के पट्टे में आकर घायल हुई किशोरी की उपचार के दौरान मौत होने से स्वजन में कोहराम मच गया, हालांकि पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पलवाड़ा निवासी इकराम अली मेहनत मजदूरी से अपने परिवार का पालन पोषण करता है। जिसकी 12 वर्षीय बेटी इमराना शक्रवार की दोपहर को पड़ोस के बच्चों के साथ पास में स्थित किसान कंछिद की टयूबवैल पर गई थी। जहां खेलकूद के दौरान संतुलन बिगडऩे से किशोरी टयूबवैल के पट्टे की चपेट में आ गई, जिसे देख किसान कंछिद के होश उड़ गए और उसने आनन फानन में टयूबवैल को बंद कर दिया। आसपास के खेतों में काम रहे किसानों के सहयोग से घायल बच्ची को स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। किशोरी की मौत होने की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया और रोते बिलखते स्वजन निजी अस्पताल से किशोरी का शव घर को ले आए। स्वजन ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया और किसी भी पुलिस कार्रवाई के बिना ही शव को कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक कर दिया।