बरेली। होली पर ट्रेनों में सफर करने वालों की संख्या बढ़ गई है। जिसके चलते अवैध रूप से रेलवे के ई-टिकटों की बिक्री भी बढ़ गई है। शनिवार को आरपीएफ को सूचना मिली कि बिशारतगंज में एक व्यक्ति आईआरसीटीसी की निजी आईडी से अवैध रूप से टिकटों की बिक्री कर रहा है।
मौके पर जाकर बिशारतगंज आरपीएफ एसआई सत्यप्रकाश और एएसआई अनिल कुमार ने हकीकत जानने का प्रयास किया तो पता चला बिशारतगंज निवासी नवनीत पुत्र विद्याराम मोबाइल रिचार्ज और फ़ोटो स्टेट की दुकान चलाता है। इसी दुकान पर वह निजी आईडी से रेलवे के टिकट बुक कर रहा था। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने 3 मार्च से अब तक उसने 15 ई-टिकटों की बिक्री की है।
जिसमें से 4 टिकटों पर यात्रा की जानी बाकी थी और 11 टिकटों पर यात्रा की जा चुकी है। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार शिशौदिया ने बताया कि आरोपी पर रेलवे एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसके अलाव होली पर रेल टिकटों की अवैध बिक्री पर लगाम कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।















