कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को कतई न बख्शा जाए: संजीव सुमन

धौलाना।
बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने थाने का निरीक्षण किया। एसपी करीब ढाई घंटे तक थाने में रहे। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों की जांच कर पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसपी ने थाना परिसर में साफ सफाई व्यवस्था परखने के साथ पुलिस कर्मियों के रहने वाली बैरक, मेस आदि का जायजा लिया। हालांकि थाने में सफाई को देखकर वह संतुष्ट नजर आए। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी व उपनिरीक्षकों समेत चौकी प्रभारियों में बेचनी दिखी। कई पुलिसकर्मी कार्बाइन को खोल कर नहीं बांध सके तो उनका धैर्य जवाब दे गया। अधिकांश पुलिस कर्मियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। इस पर पुलिस अधीक्षक ने उनकी प्रशंसा की। एसपी संजीव सुमन ने पुलिस कर्मियों के मेस में बनने वाले भोजन को स्वच्छ व स्वास्थ्य परक ही बनाए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी रजिस्टरों का बारीकी से अवलोकन करने के साथ लंबित मामलों को किसी भी दशा में जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मालखाने में रखे पुलिस के असलहों को चेक करके उनकी नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए। एसपी संजीव सुमन ने पुलिस कर्मियों को साफ सुथरी वर्दी धारण करने के साथ थाने में शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों से सुचितापूर्ण व्यवहार करने के साथ फरियादियों को किसी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए विशेष तौर पर निर्देशित किया। एसपी संजीव सुमन ने थाना प्रभारी निरीक्षक धौलाना राजपाल सिंह तोमर को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस कर्मियों को होने वाली परेशानियों को भी जानने के साथ उनके निदान का आश्वासन दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को कतई न बख्शा जाए। उन्होंने साफ किया कि यदि किसी पुलिस के कर्मचारी की शिकायत मिलती है तो उसे भी नहीं बख्शा जाएगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपनिरीक्षकों को अपने-अपने मामलों की जल्द विवेचना पूरी करने की हिदायत दी। हथियार उन्होंने मालखाना, हवालात, जर्जर वाहनों, मैस, आवास, शौचालय, कम्प्यूटर कक्ष का बारी बारी से निरीक्षण किया। सभी सिपाहियों को निरीक्षण के दौरान नहीं बुलाने से भी वह नाराज हुए। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी पिलखुवा डॉ तेजवीर सिंह मौजूद रहे। वही थाना प्रभारी निरीक्षक राजपाल सिंह तोमर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेंद्र नाथ त्रिपाठी, प्रशांत कुमार बृजेश कुमार यादव सुभाष सिंह संजीव कुमार दलपत सिंह दयाराम, रजनी वर्मा, मनु सक्सैना समेत अन्य उपस्थित रहे।