भाजपा प्रत्याशी को जान से मारने की धमकी, बोला सपा पर हमला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के दौरान बुलंदशहर में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप चौधरी को जान से मारने की धमकी मिली है। प्रदीप चौधरी की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि कॉलर ने खुद का नाम खान साहब बताया और कहा कि तुझे हम गोली मारकर खत्म कर देंगे। भाजपा प्रत्याशी ने इस संबंध में कोतवाली देहात में शिकायत की है। तहरीर में जो फोन नंबर बताया गया है वह इंटरनेशनल है, जोकि 7 डिजिट का है। पुलिस ने मामले की जांच आरंभ कर दी है। जान से मारने की धमकी मिलने के बाद भाजपा प्रत्याशी प्रदीप चौधरी ने सपा पर निशाना साधा है।

भाजपा प्रत्याशी का कहना है कि जब हम रामभक्तों पर अयोध्या में गोली चलाई गई, हम तब नहीं डरे, तो हम अब भी नहीं डरने वाले। उन्होंने कहा कि रामभक्त इस बार सपा की साइकिल पंक्चर कर वापस भेज देंगे। वह चुनाव जीत रहे हैं, जिससे विपक्ष घबराया हुआ है। उधर, उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में मतदान होना है। इसकी शुरूआत 10 फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्से के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान के साथ होगी। दूसरे चरण में 14 फरवरी को राज्य की 55 सीटों पर मतदान होगा। उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण में 59 सीटों पर, 23 फरवरी को चौथे चरण में 60 सीटों पर, 27 फरवरी को पांचवें चरण में 60 सीटों पर, तीन मार्च को छठे चरण में 57 सीटों पर और सात मार्च को सातवें चरण में 54 सीटों पर मतदान होगा। वहीं, यूपी चुनाव के नतीजे 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे।